पत्थर से सिर कूचकर युवक की बेरहमी से हत्या, शव मिलने के बाद मच गई सनसनी, गया की घटना
गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान इसी गांव के 35 वर्षीय वृंद मांझी के रूप में की गई। शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई।
गया, जागरण संवाददाता। गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान इसी गांव के 35 वर्षीय वृंद मांझी के रूप में की गई। घटनास्थल को देखकर प्रतीत होता है कि सोमवार रात पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक के सिर पर पत्थर से मारे जाने के निशान दिख रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की इस घटना से सनसनी फैल गई है।
सोमवार सुबह घर से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार चंदौती थाना क्षेत्र के गुलनी गांव का रहने वाला वृंद मांझी सोमवार को सुबह दस बजे के करीब घर से निकला था। लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटा। स्वजनों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। रातभर परिवार के लोग परेशान रहे। अलसुबह से एक बार फिर घर के लोग उसकी खोज में निकलने वाले ही थे कि ग्रामीणों से जानकारी मिली कि वृंद की हत्या कर दी गई है। गुलनी गांव के एक आंगनवाड़ी केंद्र के पास उसका शव मिला। प्रतीत होता है कि बदमाशों ने सिर पर पत्थर से मारकर उसकी हत्या की है।
घटना का क्या कारण है, पता लगा रही पुलिस
घटना के पीछे क्या कारण है और कौन लोग शामिल हैं, फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे लगता है कि हत्यारे के मन में वृंद के प्रति काफी क्रोध होगा। स्वजनों और ग्रामीणों की मांग है कि तुरंत अपराधियों की गिरफ्तारी की जाए। फिलहाल स्थानीय पुलिस हर बिंदु पर छानबीन में जुट गई है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास कर रही है। घटना के संबंध में चंदौती थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया है कि सूचना के बाद पुलिस छानबीन कर रही है।