Nawada Crime News: शराब के नशे में धुत होकर घर में तोड़फोड़ कर रहे ससुर को बहू ने भेजवाया जेल
नवादा के नारदीगंज में शराब के नशे में घर में तोड़फोड़ करने से रोकने पर बहू के साथ मारपीट के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बाबत बहू ने ससुर पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जेएनएन, नवादा /गया। शराब के नशे में घर में उत्पात मचा रहे ससुर को बहू ने हवालात का सैर करवा दिया। पुलिस ने नशेड़ी ससुर मंटू उर्फ मनोज सिंह काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बाबत नारदीगंज थाना क्षेत्र के रामे निवासी राहुल सिंह की पत्नी प्रियंका देवी ने अपने ससुर मंटू उर्फ मनोज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया प्राथमिकी ( 238/2020) दर्ज की गई है। इसमें प्रियंका देवी ने आरोप लगाया है कि रविवार को उसके ससुर शराब पीकर हंगामा मचा रहे थे। घर का सामान बर्बाद कर रहे थे। उन्हें मना करने लगी तो उन्होंने मेरे साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। तंग आकर उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और मंटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से जांच की तो शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
सहोदर भाइयों में मारपीट, आधा दर्जन लोग जख्मी - नारदीगंज थाना क्षेत्र के पचेया डीह गांव में सहोदर भाइयों के बीच सोमवार सुबह में मारपीट की घटना हुई । इसमें आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए । जख्मी अवस्था में सभी काे सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने प्राथमिकी के लिए थाने में आवेदन दिया है।
बताया गया कि किशोरी यादव व सियाशरण यादव के बीच विवाद हुआ। इस घटना में एक पक्ष के किशोरी यादव व उसकी प्रमीला देवी जख्मी है ,तो दूसरे पक्ष के रोशन पप्पू यादव,सियाशरण यादव, रीता देवी जख्मी हो गए हैं । प्रमीला ने पप्पू यादव, सियाशरण यादव, रोशन यादव, रीता देवी, सुगनी देवी के अलावा पप्पू यादव की पत्नी को आरोपित किया है। आरोप है कि अपने खेत की धान की अटिऔनी कर रहे थे, तभी सभी आरोपी खेत पर हरवे हथियार के साथ पहुंचे और मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं सियाशरण यादव ने आरोप लगाया है कि वे मेरे खेत में मवेशी चरा रहा था। उसे मना करने पर सभी लोगों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया है।