मल्हेया में उत्सवी माहौल, दूधिया रोशनी में कबड्डी
प्रखंड के मल्हेया गांव में उत्सवी माहौल है। छात्र-युवाओं से लेकर बड़े-बुजुर्ग भी उत्साहित है।
गया। प्रखंड के मल्हेया गांव में उत्सवी माहौल है। छात्र-युवाओं से लेकर बड़े-बुजुर्ग भी उत्साहित हैं। खेल के प्रति लोगों की दीवानगी भी देखते बन रही है। यहां पहली बार राज्यस्तरीय कबड्डी का आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता गुरुवार से शुरू होगी।
सब लोग इसकी तैयारी में जुटे हैं। खिलाड़ियों के भोजन-पानी, ठहरने आदि की व्यवस्था की जा रही है। जिस तरह किसी खेल में टीम भावना होती है, वैसे ही इसके आयोजन में स्थानीय युवाओं की सामूहिकता का बोध हो रहा है। यह एक नजीर है, जो आने वाले दिनों में यहां खेल का माहौल भी बनाएगा। आयोजन समिति के सदस्य अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि पहली बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता हो रही है तो मैदान में स्तरीय कबड्डी कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी पदाधिकारी और स्थानीय विशेषज्ञों की देखरेख में इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन स्थल के समीप ही बाहर से आए खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के आवास की व्यवस्था की गई है। उनके भोजन-पानी का भी प्रबंध किया गया है, ताकि कोई दिक्कत नहीं हो। इसमें सब लोगों का सहयोग मिल रहा है। प्रचार वाहन द्वारा गांव-गांव कबड्डी के आयोजन की सूचना दी जा रही है। दर्शकों के बड़ी संख्या में जुटने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारी में जितेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, मुकेश रंजन, सुजीत कुमार, आशुतोष रंजन आदि जुटे हुए हैं। इस गांव के लिए यह एक प्रतियोगिता भर नहीं, खेल का यज्ञ बन गया है। ग्रामीणों ने आयोजन को गांव की प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। यह भाव ही खेल के माहौल के लिए सुखद संकेत है।
भारत कबड्डी लीग मैच में मगध प्रमंडल की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। इनमे टिकारी की भी कई टीमें शामिल हैं। टिकारी की टिकारी पलटन पर लोगों की नजर है। यह टीम तीन माह पूर्व टिकारी में हुए प्रो कबड्डी की विजेता रही थी। सारी प्रतियोगिता रात्रि में हाईमास्क लाइट की दूधिया रोशनी में होगी, इसलिए भी लोग उत्साहित हैं। ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता हो रही है। विजेता टीम पटना जाएगी