त्योहारी सीजन में रेलवे की सौगात: यूपी से बंगाल के लिए 2 स्पेशल ट्रेनें, बिहार के इन स्टेशनों में होगा स्टॉपेज
रेलवे ने श्रावणी मेला और त्योहारों के लिए आगरा छावनी-कोलकाता और कानपुर सेंट्रल-कोलकाता के बीच दो जोड़ी साप्ताहिक विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे ने स्पेशल ट्रेन का किया एलान। फाइल फोटो
HighLights
श्रावणी मेला और त्योहारों के लिए विशेष ट्रेनें शुरू।
आगरा छावनी-कोलकाता और कानपुर सेंट्रल-कोलकाता मार्ग।
गया जंक्शन पर ठहराव, दक्षिण बिहार को सीधा लाभ।
जागरण संवाददाता, गयाजी। श्रावणी मेला, रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेल ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा छावनी-कोलकाता तथा कानपुर सेंट्रल-कोलकाता के बीच दो जोड़ी साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
दोनों स्पेशल ट्रेनों का गया जंक्शन पर ठहराव होगा। इससे गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद सहित दक्षिण बिहार के हजारों यात्रियों को सीधे कोलकाता, कानपुर, आगरा और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों के लिए अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
नई ट्रनों का शेड्यूल
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04157 कानपुर सेंट्रल-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक मंगलवार 21 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक चलेगी। वापसी में 04158 कोलकाता-कानपुर सेंट्रल स्पेशल प्रत्येक बुधवार 22 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक संचालित होगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01911 आगरा छावनी-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 23 जुलाई से 24 सितंबर 2026 तक तथा 01912 कोलकाता-आगरा छावनी स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार 24 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक चलेगी।
नई ट्रेनों का स्टॉपेज
दोनों ट्रेनों का ठहराव गया जंक्शन के अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी होगा। इससे बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेल अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेला और त्योहारों के दौरान गया जंक्शन से कोलकाता, कानपुर, आगरा और दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची रहती है।
ऐसे समय में इन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
विशेषकर कोलकाता, धनबाद, आसनसोल और उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय, ठहराव और आरक्षण की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेल मदद ऐप अथवा हेल्पलाइन 139 से प्राप्त कर लें।
रेल अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार आगे भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- संताल परगना से नेपाल बॉर्डर तक दौड़ेगी ट्रेन, विक्रमशिला-कटरिया रेल परियोजना से बदलेगी तस्वीर
