सड़क हादसे में महिला की मौत, सड़क जाम
संवाद सूत्र, बाराचट्टी : राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर तेतरिया गांव के पास सोमवार सुबह सड़क पार क
संवाद सूत्र, बाराचट्टी : राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर तेतरिया गांव के पास सोमवार सुबह सड़क पार करते हुए कार की चपेट में आने से पड़ेया निवासी पिंकी देवी की मौत हो गई। पिंकी की गोद में रही उसकी बेटी चार वर्षीया प्रिया को गंभीर चोटें आई हैं। उसका एक निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जाम कर दिया। दोनों ओर सैकड़ों वाहन जाम में चार घंटे फंस रहे। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
पुलिस अवर निरीक्षक अशोक चौधरी ने बताया कि वाहन में सवार भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ पदाधिकारी व शाखा प्रबंधक घटना के बाद मोके से भाग निकले। बताया गया कि बैंक अधिकारी झारखंड के चौपारण से गया आ रहे थे। उन्होंने बताया कि जब्त वाहन केमालिक का पता लगाया जा रहा है। घटना को लेकर अज्ञात वाहन चालक को आरोपित करते हुए कांड दर्ज कर लिया गया है।
हादसे व सड़क की जाम की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अवर निरीक्षक अशोक चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार, अंचलाधिकारी कैलाश महतो, मुखिया नंदकिशोर सिंह यादव जाम हटाने के लिए ग्रामीणों से आग्रह करते रहे पर लोग उनकी एक न सुनी। कुछ देर बाद प्रभारी थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पहुंचे जिनके समझाने के बाद लोग शांत हुए। बीडीओ पंकज कुमार ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत पीड़ित परिवार को बीस हजार और मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि योजना से तीन हजार रुपये दिए।