नवादा के ये मुखिया प्रत्याशी आगे-आगे, पुलिस इनके पीछे-पीछे, प्रचार कर हो जाते हैं फरार, तब होती है छापेमारी
शराब तस्करी के मामले में फरार मुखिया प्रत्याशी जीत सुनिश्चित करने के लिए नवादा के धमनी पंचायत में चुनाव प्रचार कर रहा है। जब वह चुनाव प्रचार कर निकल जाता है तब पीछे से पुलिस उसे गिरफ्तार करने को लेकर छापेमारी करती है।
नवादा, संवाद सहयोगी। पुलिस की नजरों में फरार चल रहा शराब तस्कर इन दिनों क्षेत्र में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनाव प्रचार कर रहा है। 20 सितंबर को फरार आरोपित ने रजौली प्रखंड के धमनी पंचायत की मुखिया पद के लिए प्रखंड कार्यालय पहुंच कर नामांकन भी करा लिया। बाद में उसने चुनाव चिन्ह भी प्राप्त कर लिया। अब क्षेत्र में प्रचार कर रहा है। लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में पुलिस को चुनाव प्रचार करने की जानकारी मिली तब से पुलिस इस मुखिया प्रत्याशी को सरगर्मी से खोज रही है। इसकी तलाश में पुलिस ने छापेमारी भी की, मगर वह हर बार पुलिस को चकमा दे जाता है।
पुलिस की नाक के नीचे से कर गया नामांकन
मिली जानकारी के अनुसार मुखिया पद के लिए नामांकन करा प्रचार में जुटे बालमुकुंद कुमार पर शराब मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज है। बीते तीन माह पूर्व पुलिस ने एक स्कार्पियो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की थी। उसी मामले में बालमुकुंद को नामजद आरोपित किया गया था। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। वहीं नामजद आरोपित ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए 20 सितंबर को प्रखंड कार्यालय पहुंच कर मुखिया पद के लिए नामांकन कराया और आसानी से वापस लौट गया।
हद तो यह है कि नामांकन स्थल पर पुलिस पदाधिकारी व जवानों की प्रतिनियुक्ति है। लेकिन उन्हें भी फरार आरोपित की भनक नहीं लगी। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। एक तरफ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी का दावा किया जाता है, वहीं दूसरी ओर फरार आरोपित आंखों के सामने से निकल जाता है। फिलहाल, आरोपित अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में जनसम्पर्क अभियान चला रहा है।
नहीं मिला प्रत्याशी तो पुलिस ने गाड़ी ही जब्त कर ली
ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, रजौली थाने की पुलिस को सूचना मिली कि शनिवार की सुबह वह करनपुर गांव में चुनाव प्रचार कर रहा है। जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। लेकिन आरोपित फरार हो गया। इस बीच पुलिस ने प्रचार गाड़ी को जब्त कर थाना लेते गई। इस मामले में रजौली थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि सत्यापन किया जा रहा है। वहीं नामजद मुखिया प्रत्याशी बालमुकुंद से संपर्क कर पक्ष लेने का प्रयास किया गया। लेकिन मोबाइल स्वीच ऑफ मिला। आरोपित के भाई ने बताया कि जमानत के लिए कोर्ट में आवेदन दिया गया है।