विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पितृपक्ष में गयाजी पहुंचेंगे तो भोजन की चिंता छोड़िए, राम और सीता रसोई के बाद अब विष्णु रसोई में फ्री में भरपेट खाना

Published: Tue, 29 Sep 2026 05:24 PM (IST)

गयाजी में पितृपक्ष के दौरान श्री महावीर स्थान न्यास समिति ने विष्णु रसोई शुरू की है, जहाँ श्रद्धालुओं को 10 ...और पढ़ें

श्री महावीर स्थान न्यास समिति, पटना की ओर से गयाजी में विष्णु रसोई की शुरूआत की गई है

श्री महावीर स्थान न्यास समिति, पटना की ओर से गयाजी में विष्णु रसोई की शुरूआत की गई है

HighLights

  1. श्री महावीर स्थान न्यास समिति ने गयाजी में विष्णु रसोई शुरू की।

  2. पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं को 10 अक्टूबर तक निःशुल्क भोजन मिलेगा।

  3. यह सेवा पिंडदानियों को भोजन की चिंता से मुक्ति दिलाएगी।

जागरण संवाददाता, गयाजी। गयाजी में पितृपक्ष के दौरान पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन की सुविधा शुरू की गई है। श्री महावीर स्थान न्यास समिति, पटना की ओर से लगातार दूसरे वर्ष विष्णु रसोई का संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूजा-पाठ के लिए दूर-दराज से आने वाले लोगों को शुद्ध और सात्विक भोजन उपलब्ध कराना है।

10 अक्टूबर तक चलेगी विष्णु रसोई

विष्णु रसोई की सेवा 25 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को दिन में दो बार निश्शुल्क भोजन परोसा जाएगा। खासकर दूसरे शहरों और राज्यों से आने वाले लोगों को भोजन के लिए इधर-उधर भटकने से राहत मिलेगी।

महावीर मंदिर की भोजन सेवा का विस्तार

श्री महावीर स्थान न्यास समिति इससे पहले अयोध्या में राम रसोई और सीतामढ़ी में सीता रसोई की शुरुआत कर चुकी है। अब उसी पहल को गयाजी तक विस्तार दिया गया है।

पितृपक्ष में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए विष्णु रसोई को सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

उद्घाटन में सांसद शांभवी चौधरी भी रहीं मौजूद

विष्णु रसोई का उद्घाटन श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने किया। कार्यक्रम में सांसद शांभवी चौधरी और बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य भी उपस्थित रहे।

समिति का कहना है कि धार्मिक अनुष्ठान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भोजन की सुविधा देना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

लाखों श्रद्धालुओं के बीच बढ़ी भोजन की जरूरत

पितृपक्ष में गयाजी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए आने वालों की बढ़ती भीड़ के कारण भोजन और ठहरने की व्यवस्था बड़ी चुनौती बन जाती है। निशुल्क भोजन मिलने से श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा और धार्मिक अनुष्ठान पर ज्यादा ध्यान देने की सुविधा मिलेगी।

प्रशासन ने भी तैयार किए व्यापक इंतजाम

पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की हैं। गांधी मैदान में 2500 बेड की टेंट सिटी और 44 अस्थायी आवास केंद्रों पर करीब 70 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। ई-रिक्शा, हेल्पलाइन नंबर 9266628168 और कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए हैं।

25 सितंबर को सीएम ने किया मेले का उद्घाटन

25 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना कर पितृपक्ष मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद उन्होंने देवघाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धार्मिक अनुष्ठान, आवास और भोजन की सुविधाओं को एक साथ मजबूत करने से गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूरी यात्रा को अधिक सुगम बनाने की कोशिश की गई है।