विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पितृपक्ष 2026: गयाजी में पिंडदान करने पहुंचे 65200 श्रद्धालु, प्रशासन ने की हैं ये व्यवस्थाएं  

Published: Sun, 27 Sep 2026 11:25 AM (IST)

पितृपक्ष मेला संगम के पहले दिन गयाजी में 65,200 तीर्थयात्री पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचे। बारिश के बावजूद जिला ...और पढ़ें

गयाजी पहुंचे पिंडदानी। फोटो जागरण

गयाजी पहुंचे पिंडदानी। फोटो जागरण

HighLights

  1. पितृपक्ष मेला के पहले दिन 65,200 श्रद्धालु गयाजी पहुंचे।

  2. बारिश के बावजूद प्रशासन ने स्वच्छता, सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की।

  3. अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला संगम के प्रथम दिन शनिवार को देश के विभिन्न हिस्सों से गयाजी पहुंचे बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने देवघाट सहित विभिन्न पिंडदान स्थलों पर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति एवं मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान एवं तर्पण किया।

सुबह से ही विष्णुपद क्षेत्र एवं फल्गु नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। सरकारी आंकड़ा के अनुसार प्रथम दिन 65 हजार 200 पिंडदानी पहुंचे हैं।

जिले में लगातार हो रही वर्षा के बावजूद जिला प्रशासन एवं गया नगर निगम द्वारा मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर सभी व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखा जा रहा है।

घाटों पर सफाई कर्मियों को लगातार सक्रिय रखा गया है तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई की विशेष निगरानी की जा रही है।

देवघाट सहित विभिन्न घाटों पर सफाई कर्मियों द्वारा लगातार साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। घाटों पर बनाए गए चेंजिंग रूम, टायलेट एवं शौचालयों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार एवं नगर आयुक्त डा. गगन कुमार ने संयुक्त रूप से पितृपक्ष मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने विष्णुपद मंदिर, सोलह वेदी, देवघाट, गजाधर घाट, गायत्री घाट, गयाजी डैम सहित मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि घाटों पर बनाए गए सभी चेंजिंग रूम एवं शौचालयों की नियमित एवं लगातार सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी गंदगी नहीं फैलने दी जाए तथा सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए।

विष्णुपद मंदिर में जिग-जैग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को कराया जाए दर्शन

विष्णुपद मंदिर के निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने जिग-जैग कतार व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में दर्शन कराने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ का प्रभावी प्रबंधन हो सके और श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंदिर परिसर में वर्षा के कारण फिसलन की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने लगातार पानी हटाने तथा वाइपर के माध्यम से फर्श की सफाई करवाने का निर्देश दिया।

विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास के दौरान आवश्यकतानुसार कर्मी श्रद्धालुओं को हाथ पकड़कर एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए सुरक्षित रूप से प्रवेश एवं बाहर निकलने में सहायता करें।

अधिक राशि लेने वाले फोटोग्राफर का पहचान पत्र तत्काल निरस्त

देवघाट के निरीक्षण के दौरान एक फोटोग्राफर द्वारा तीर्थयात्री से निर्धारित राशि से अधिक राशि लिए जाने का मामला सामने आया। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित फोटोग्राफर को चिन्हित किया गया। उसका पहचान पत्र तत्काल निरस्त करने की कार्रवाई की गई।

जिला पदाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संवास सदन के प्रभारी पदाधिकारी अंकुर कुमार को स्पष्ट निर्देश दिया कि संवास सदन के माध्यम से जिन फोटोग्राफरों को पहचान पत्र निर्गत किया गया है, उन सभी को निर्धारित मानक एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों से फोटोग्राफी के लिए निर्धारित शुल्क से किसी भी परिस्थिति में अधिक राशि नहीं ली जाए।

यदि किसी फोटोग्राफर द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की शिकायत प्राप्त होती है और जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित फोटोग्राफर का पहचान पत्र निरस्त करने के साथ-साथ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रथम दिन का आंकड़ा

  • फुट काउंटिंग मशीन के आधार पर : 65200
  • मेडिकल उपचार - 1703
  • व्हील चेयर का लाभ 28 लोगो
  • 14 की संख्या में खोया पाया सेल ने बिछड़े परिजनों से मिलवाया।
  • टेंट सिटी गांधी मैदान में 211 लोगो का आवासन।
  • तीर्थयात्रियों को बीच आज गंगा जल वितरण 352 पैकेट।