जलापूर्ति नहीं होने से आक्रोश, नादरागंज में सड़क जाम
गया। ढाई माह से जलसंकट झेल रहे वार्ड संख्या 38 के नादरागंज मोहल्ले के आक्रोशित लोगों ने शनिवार को
गया। ढाई माह से जलसंकट झेल रहे वार्ड संख्या 38 के नादरागंज मोहल्ले के आक्रोशित लोगों ने शनिवार को मस्जिद के पास सड़क जाम कर यातायात ठप कर दिया।
उनलोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यहां ढाई माह से पाइपलाइन से जलापूर्ति बंद है, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जलापूर्ति बंद रहने के कारण नगर निगम द्वारा टैंकर से पानी दिया जा रहा है। इतनी बड़ी आबादी में एक टैंकर पानी से क्या होगा? टैंकर आता है तो लोग पानी के लिए आपस में हर दिन झगड़ा करते हैं। ईद के त्योहार के बाद टैंकर मोहल्ले में आया भी नहीं है। उनकी बातें कहीं नहीं सुनी जा रही हैं। आजिज आकर उनलोगों ने सड़क जाम किया है। एक माह पहले भी सड़क जाम किया गया था। तब एसडीओ, नगर आयुक्त, नगर निगम के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया था कि दो दिनों में जलापूर्ति व्यवस्था ठीक कर दी जाएगी। एक माह से अधिक समय गुजरने के बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं हुई। वहीं, सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन करते समय एक व्यक्ति का पैर जल जाने के कारण लोग आपस में ही भिड़ गए और जाम स्वत: समाप्त हो गया।