एक सीट-एक व्यक्ति की सूचना सभी बसों में चिपकाएं : डीएम
-पान-गुटखा का सेवन दंडनीय अपराध है इधर-उधर नहीं थूकें का नोटिस लगाने का निर्देश जासं गया
गया । जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने जिला परिवहन पदाधिकारी गया को निर्देश दिया है कि जितने भी सरकारी बस हैं, सभी बसों पर स्टीकर लगवाना सुनिश्चित करेंगे। इसमें क्या करें- क्या न करें, एक सीट-एक व्यक्ति, शारीरिक दूरी, मास्क का प्रयोग, यहां वहां न थूकें, पान-गुटखा का सेवन दंडनीय अपराध है इन सारी बातों का स्टीकर लगवाएं। जिलाधिकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट में कोषांगों के कार्यो की समीक्षा कर रहे थे।
सामग्री कोषाग के वरीय प्रभारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राम निरंजन चौधरी ने बताया कि अब खाद्यान्न पैकेट की प्राप्ति नहीं हो रही है। जि़लाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष पैकेट का वितरण उचित ज़रूरतमंदों के बीच करवाना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में सभी कोषांगों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
--------
3222 की सैंपलिंग में 2709
की रिपोर्ट निगेटिव: सीएस
क्वारंटाइन कोषाग के वरीय नोडल पदाधिकारी नरेश झा ने बताया कि अब तक कोरोना के कुल 429 संदिग्ध मामले आए हैं। 332 मामले मगध मेडिकल के, 35 मामले एपीएचसी महकार एवं 62 मामले पृथक केंद्र, बोधगया के हैं। 365 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इनमें 35 महकार एवं 315 मगध मेडिकल अस्पताल, 15 पृथक केंद्र बोधगया से हैं। गया के कुल 77 में से 21 मामले में रिकवरी हो चुकी है। 56 मामले प्रवासी मजदूर हैं। इनमें मगध मेडिकल अस्पताल के 10 एवं पृथक केंद्र बोधगया में 47 हैं।
सिविल सर्जन डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि 3222 लोगों का सैंपल लिया गया है। जिसमें 2709 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव एवं अब तक 77 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
-----
27 हजार 602 लोग
क्वारंटाइन सेंटर पर रह रहे
क्वारंटाइन सेंटर के वरीय प्रभारी उप विकास आयुक्त किशोरी चौधरी ने बताया कि सोमवार को 619 नए लोग क्वारंटाइन सेंटर में आए हैं। 4378 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। कुल 27 हजार 602 लोग क्वारंटाइन सेंटर पर रह रहे हैं। इनमें 1901 महिलाएं एवं पुरुष 25 हजार 701 हैं। अब तक कुल 50 हजार 560 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। कुल 28 हजार 326 लोग होम क्वारंटाइन में हैं।