Crime News:सासाराम में नवविवाहिता की ससुराल वालों ने की गला दबाकर हत्या, सास को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सासाराम के कोचस में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। मृतका के पिता ने इस बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस आलोक में पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है।
जेएनएन, रोहतास \गया। कोचस थाना क्षेत्र के कुछिला गांव में मंगलवार की रात ससुराल वालों ने एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका 21 वर्षीय दुर्गा देवी अभिनय पासवान की पत्नी थी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दुर्गा की सास को हिरासत में ले लिया है।
दुर्गा के पिता थाना क्षेत्र के खैरी गांव निवासी गांधी पासवान ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया गया है कि दहेज के लिए पुत्री को प्रताडि़त किया जाता था। गांधी पासवान ने बताया कि दुर्गा की शादी 2019 में अभिनय पासवान से हुई थी। शादी के बाद से ही पति के अलावा सास, ससुर व ससुराल के अन्य लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उनलोगों ने गला दबाकर उसको मार डाला।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के शव को घर से बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है। प्राथमिकी के आलोक में छानबीन की जा रही है।