कलश स्थापन के साथ ही नौ दिवसीय नवरात्र शुरू
नालंदा। कलश स्थापन के साथ ही रविवार से नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र शुरू हो गया। इस दौरान शहर व ग्रामीण क
नालंदा। कलश स्थापन के साथ ही रविवार से नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र शुरू हो गया। इस दौरान शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा मां की मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया। सुबह से ही मंदिरों में माता के पूजन को भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। नवरात्र शुरू होते ही मंदिरों व घरों में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा पाठ आरंभ हो गया। नौ दिनों तक चलने वाली इस पूजा के दौरान कई लोग नमक तक को वर्जित कर फलों पर ही रहते हैं। नवमी तिथि को हवन आदि करने के बाद माता को अर्पित किए गए प्रसाद ग्रहण कर अपने व्रत का समापन भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न करते हैं। इस नवरात्र का भी विशेष महत्व माना गया है। इधर पूजा को लेकर भराव पर, भैसासुर देवी मंदिर, मंगलास्थान, मघड़ा, बसार बिगहा, सोहसराय, जलालपुर आदि मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखी गई। वहीं कई लोग अपने घरों में भी कलश स्थापन के साथ माता का मंत्रोच्चारण के साथ पाठ शुरू कर दिया। इससे पहले घरों की पूरी साफ-सफाई करने के साथ पूरी पवित्रता के साथ इस पर्व को करने में लोग जुट गए हैं। कुल मिलाकर नवरात्र को ले शहर व गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।