नकली बंदूक के लिए कर दी रोहित की हत्या
मुफस्सिल थाने के अबगिला देवी स्थान निवासी रोहित कुमार की हत्या महज एक नकली बंदूक के लिए कर दी गई।
गया। मुफस्सिल थाने के अबगिला देवी स्थान निवासी रोहित कुमार की हत्या महज एक नकली बंदूक के लिए कर दी गई। उसने खुद स्टील के पाइप से नकली बंदूक बनाई थी। इसको लेकर महीनों से कुछ युवकों के साथ उसका विवाद चल रहा था। रोहित ने जब बंदूक नहीं दी तो युवकों ने उसकी हत्या कर दी।
परिजनों ने बताया कि रोहित सेंटि्रंग मिस्त्री था। वह स्टील पाइप से सेंटि्रंग करता था। स्टील पाइप से उसने एक नकली बंदूक बनाई थी। उसी नकली बंदूक को लेकर वह राम नवमी के जुलूस में गया था, जहां कुछ युवकों से नोकझोंक हुई थी। कुछ युवक उस बंदूक को लेना चाहते थे, लेकिन रोहित देने को तैयार नहीं था। दीपावली में भी कुछ युवकों के साथ नोक-झोंक हुई थी। उसी वक्त से उन युवकों द्वारा रोहित को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इसकी जानकारी संबंधित थाने को भी दी गई थी। सोमवार दोपहर बाद रोहित को उन्हीं युवकों ने अगवा कर लिया। परिजन काफी खोजते रहे लेकिन वह कहीं नहीं मिला। सोमवार देर रात अबगिला खेल मैदान में उसका शव मिला।
------------
सात पर प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि रोहित कुमार की हत्या में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
------------
सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
मुफस्सिल थाने के अबगिला देवी स्थान निवासी रोहित कुमार की हत्या के विरोध में मंगलवार को मानपुर-नवादा मुख्य मार्ग पर लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने अबगिला के समीप शव रखकर सड़क जाम कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। डेढ़ घंटे बाद थानाध्यक्ष सुजीत कुमार द्वारा अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर लोग शांत हुए और फिर यातायात बहाल हो सका।
सोमवार देर रात रोहित की हत्या के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को लेकर पैतृक गांव अबगिला आए। मानपुर-नवादा मुख्यमार्ग में अबगिला के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया गया।
-----------