नवादा में पंप कर्मी की हत्या का मामला, जान लेने पर उतारू थी भीड़, पुलिस ने बचाई आरोपित की जान
नवादा के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना से लोग काफी आक्रोशित थे। हंगामा कर रहे लोगों की नजर भीड़ में शामिल एक युवक पर पड़ी। उसपर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने उसे पीटकर अधमरा कर दिया।
गोविंदपुर(नवादा), संवाद सूत्र। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के युवक अजय यादव (32) की गला काटकर हत्या के विरोध में लोग सड़क जाम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर अरविंद यादव पर पड़ गई। फिर क्या था लोग उसपर टूट पड़े। लाठी-डंडे व ईंट पत्थर से मार-मारकर उसे अधमरा कर लिया। ऐन वक्त पर पुलिस नहीं पहुंचती तो भीड़ उसकी जान ले लेती। पुलिस की गाड़ी से उसे इलाज के लिए भेजा गया। जिला मुख्यालय से स्वाट फोर्स के पहुंचने पर काफी प्रयास के बाद भीड़ शांत हुई।
दुलार यादव के घर से मिले चार पिस्टल
मृतक के परिवार की शिकायत पर महेशपुर गांव में दुलार यादव के घर छापेमारी की गई। एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय और रजौली इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह के नेतत्व में की गई छापेमारी में चार पिस्टल, तीन तलवार,एक गड़ासा और एक कारतूस समेत दो खोखा बरामद हुआ। इतनी मात्रा में हथियार मिलने के बाद पुलिस ने दुलार यादव समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनमें दो महिलाएं भी थीं। इसके पूर्व हत्या मामले में स्वजनों की शिकायत पर अरविंद यादव तथा कोईलजा गांव के प्रवेश यादव को गिरफ्तार किया गया।मृतक के चाचा अर्जुन यादव ने बताया कि इन्हीं अपराधियों ने कुछ वर्ष पूर्व अजय यादव के पिता कृष्णा यादव की भी हत्या कर दी गई थी। एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। दुलार यादव के घर से हथियार की बरामदगी हुई है।
दस लोगों पर की गई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष डॉ नरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मृतक के परिजन द्वारा सात लोगों पर नामजद करते हुए 10 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसमें नामजद अभियुक्त रामप्रवेश यादव गांव कोलजा तथा बकसौती गांव के अरङ्क्षवद यादव एवं दुलार यादव समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।