गया में युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार में मातम
गया। गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र में सोमवार की देररात श्मशान घाट मोहल्ले में 27 वर्षीय अनूप
गया। गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र में सोमवार की देररात श्मशान घाट मोहल्ले में 27 वर्षीय अनूप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद युवक का शव इसी थाना क्षेत्र में फल्गु नदी में फेंक दिया गया। हत्या की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में करुण-क्रंदन मच गया। घटना की सूचना पर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार शाह और विष्णुपद थानाध्यक्ष जयशकर प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया है।
सिटी डीएसपी ने बताया कि शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम कराने के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेजा जा रहा है। घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक चीजें भी मिली हैं। उसकी छानबीन कराई जा रही है। पीड़ित परिवार से भी पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की छानबीन के लिए विष्णुपद सहित अन्य थाने की पुलिस को लगाया गया है। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल मामला नहीं दर्ज हुआ है। पीड़ित परिवार के बयान पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कराई जा रही है। उधर, युवक की हत्या के बाद शमशान घाट के आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों में वारदात को लेकर काफी आक्रोश है। हालांकि अभी घटना का कारण नहीं स्पष्ट हो सका है। हत्या की सूचना मिलने के बाद श्मशान घाट के आसपास की दुकानें बंद हो गई हैं। तनाव के मद्देनजर पुलिस कैंप किए है। सभी बिंदुओं पर पुलिस पैनी नजर रखे है।