विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस का टायर खोल रहा था पिता, बेटे ने रॉड से हमला कर मार डाला; गया में शराब ने कराया रिश्तों का कत्ल

Published: Mon, 14 Sep 2026 01:33 PM (IST)

गया के गुरुआ में घरेलू विवाद के चलते एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता दीपा मांझी के सिर पर लोहे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. नाबालिग बेटे ने पिता दीपा मांझी पर रॉड से हमला किया।

  2. घरेलू विवाद में पिता की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया, जांच जारी है।

संवाद सूत्र, गुरुआ (गया)। प्रखंड क्षेत्र के बरमा गांव के वरैयाटांड़ टोला में रविवार को घरेलू विवाद के चलते नाबालिग पुत्र ने अपने पिता के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय दीपा मांझी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपित पुत्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बरमा गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के पास दीपा मांझी स्कूल बस का टायर खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके पुत्र ने लोहे की रॉड से उनके सिर और मुंह पर हमला कर दिया।

घायल दीपा मांझी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पति पर शराब पीकर विवाद करने का आरोप

घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। मृतक की पत्नी मिनता देवी ने आरोप लगाया कि पति ने जेवर और खेत बेच दिए थे और कमाई का पैसा घर में नहीं देते थे। वहीं, आरोपित पुत्र का कहना है कि पिता शराब पीकर आए दिन घर में विवाद करते थे।

मृतक के दो पुत्र हैं, जिनमें से एक लगभग आठ वर्ष का है। दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। दीपा मांझी गुरारू प्रखंड के मिदादपुर स्थित द संस्कार वैली स्कूल में बस के खलासी थे। स्कूल बस बच्चों को गुरारू क्षेत्र से बरमा तक चलाती थी और रात में बरमा में खड़ी हो जाती थी।

इलाज के दौरान मौत

थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि घायल अवस्था में दीपा मांझी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

घटनास्थल से एक चार फीट लंबी लोहे की राड बरामद की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा। पुलिस ने नाबालिग पुत्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- सिवान में युवक की चाकू मारकर हत्या, घर से 100 मीटर दूर स्कूल के पास मिला शव; गांव में मचा हड़कंप