नाबालिग से दुष्कर्म, विरोध करने पर मारपीट
डोभी थाना क्षेत्र का मामला दादी के साथ रहती है पीड़िता वारदात के वक्त मछली बेचने गई थीं दादी संवाद सूत्र डोभी
गया। गुरुवार शाम 14 वर्षीया किशोरी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। लड़की ने विरोध किया तो मारपीट भी की। वारदात डोभी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। अपनी दादी के साथ महिला थाना पहुंच लड़की ने राजदेव पासवान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लड़की ने बताया कि शाम में वह घर के बाहर अलाव जलाकर बैठी थी। वहां एक व्यक्ति के साथ राजदेव भी आकर बैठ गया। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति चला गया, जबकि राजदेव बैठा रहा। उसने दादी के बारे में पूछा। लड़की ने बताया कि दादी मछली बेचने बाजार गई हैं। उसके बाद युवक जोर-जबरदस्ती करने लगा। वह लड़की को बगल के अर्धनिर्मित भवन में खींच ले गया और वहां दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर युवक ने उसकी पिटाई भी की।
लड़की की मां नहीं है। वह अपनी सौतली मां के साथ नहीं रहकर दादी के साथ रहती है। दादी मछली बेचकर अपना और पोती का खर्च चलाती हैं।
गया स्थित महिला थाना की एएसआइ कांति कुमारी ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जाच लेडी एल्गिन अस्पताल में कराई गई। उसके बयान को कलमबद्ध करते हुए मामला डोभी थाने को अग्रसारित कर दिया गया है। डोभी थानाध्यक्ष राहुल रंजन ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है।