सास से आजिज विवाहिता जहर खाकर पहुंची नगर थाना, पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में कराया भर्ती, जानिए मामला
विवाहिता ने बताया कि पिछले साल 31 जुलाई को शादी हुई थी। शादी से पूर्व दोनों में प्रेम था। शादी के बाद से सास परेशान करने लगी। अक्सर प्रताड़ित करती है। बीच-बीच में मारपीट भी की गई। अब सास के व्यवहार से पूरी तरह आजिज हो चुकी है।
संस, नवादा : मैंने जहर खा लिया है, मुझे अपने पति से बहुत प्यार है पर अब ससुरालवालों के साथ नहीं रहना है। यह कहते हुए विवाहिता नगर थाना में जमीन पर गिर पड़ी। यह देख पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया।
विवाहिता राधा कुमारी का ससुराल नवादा शहर के गढ़पर मोहला में है। बताया कि पति रविशंकर कुमार गया जिले में पंचायती राज शाखा में कार्यपालक सहायक हैं। फिलहाल विवाहिता की हालत खतरे से बाहर है।
विवाहिता ने बताया कि पिछले साल 31 जुलाई को शादी हुई थी। शादी से पूर्व दोनों में प्रेम था। शादी के बाद से सास परेशान करने लगी। अक्सर प्रताड़ित करती है। बीच-बीच में मारपीट भी की गई। अब सास के व्यवहार से पूरी तरह आजिज हो चुकी है। विवाहिता ने कहा कि वह अपने पति से बहुत प्यार करती है। उनके साथ रहना चाहती है, पर उनके परिवारवालों के साथ नहीं रहना चाहती है।