डॉ. अलख को विवि कर्मियों व ग्रामीणों ने दी अंतिम विदाई
मगध विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग में कार्यरत अंशकालीन व्याख्याता डॉ. अलख निरंजन प्रसाद को विदाई दी।
गया। मगध विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग में कार्यरत अंशकालीन व्याख्याता डॉ. अलख निरंजन प्रसाद व लोक प्रशासन विभाग से अवकाशप्राप्त वरीय सहायक दुलेश्वर यादव के निधन पर मुख्यालय में शोकसभा आयोजित की गई। मुख्यालय में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने संघ के अध्यक्ष अक्षय कुमार की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की, जिसमें बौद्ध अध्ययन विभाग के व्याख्याता डॉ. अलख निरंजन प्रसाद के असामयिक निधन को अपूर्णीय क्षति बताया।
54 वर्षीय डॉ. अलख निरंजन प्रसाद का मंगलवार को गया रेलवे स्टेशन पर हार्ट अटैक हुआ था। इलाज के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचते ही उनका निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार प्रंखड क्षेत्र के असनी गाव स्थित मोक्षस्थली में हुआ, जहा बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत सहित सैकड़ों लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। संघ के महासचिव डा. अमरनाथ पाठक व डॉ. केके मिश्र ने उनके निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया। शोक व्यक्त करनेवालों में मविवि के कर्मचारियों के अलावा भाजपा नेता सीताराम यादव, अनिल कुमार सिंह, राजद नेता बालेश्वर यादव, मुनमुन कुमार, डॉ. सत्येंद्र यादव, ब्रजेंद्र कुमार चौबे, मुन्ना सिंह, धनंजय कुमार, विजय यादव, छात्र राजद के संतोष कुमार आदि शामिल थे। बौद्ध अध्ययन विभाग में विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिंह की अध्यक्षता में शोकसभा की गई, जिसमें उनके निधन को विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया। शोकसभा में डॉ. विष्णु शकर, डॉ. कैलाश प्रसाद, डॉ. रामस्वरूप सिंह आदि मौजूद थे। लोक प्रशासन विभाग में प्रो. जयनंदन प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में दुलेश्वर यादव के निधन पर शोकसभा आहूत की गई, जिसमें समाज विज्ञान संकाय के सभी शिक्षक मौजूद थे।