विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को धमकी, रिश्तेदार के घर में छिपा आरोपी गिरफ्तार

Published: Sat, 23 May 2026 01:05 AM (IST)

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले आरोपी राजेश राव उर्फ सरदार को नालंदा से गिरफ्तार ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी। फाइल फोटो

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी। फाइल फोटो

HighLights

  1. मांझी को सोशल मीडिया पर मिली थी धमकी।

  2. आरोपी राजेश राव नालंदा से गिरफ्तार।

  3. जातिसूचक टिप्पणी और हमले की धमकी दी थी।

जागरण संवाददाता, गया। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को इंटरनेट मीडिया पर बीते दिनों धमकी देने वाले आरोपित राजेश राव उर्फ सरदार साइबर थाना की पुलिस के हत्थे चढ़ा। यह कार्रवाई गुरुवार की देर रात आरोपित को नालंदा जिले के लहेरीसराय थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

आरोपित ने फेसबुक पर प्रसारित वीडियो में केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी और हमला करने की खुली धमकी दी थी। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी अब्दुल रहमान दानिश ने बताया कि 20 मई को गया साइबर थाना की सोशल मीडिया मानिटरिंग टीम को एक आपत्तिजनक फेसबुक वीडियो मिला।

वीडियो में आरोपित खुलेआम केंद्रीय मंत्री को निशाना बनाते हुए भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। प्रसारित वीडियो पर पुलिस हरकत में आई। एसएसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पटना का रहने वाला है आरोपी

डीएसपी ने बताया कि तकनीकी जांच और डिजिटल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने फेसबुक प्रोफाइल संचालक की पहचान पटना जिले के मालसलामी थाना क्षेत्र निवासी राजेश राव उर्फ सरदार के रूप में की।

गिरफ्तारी के डर से आरोपित नालंदा जिले के लहेरीसराय में अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था। पुलिस की टीम ने छापेमारी कर नालंदा से उसे गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपित के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और वायरल वीडियो के पीछे की मंशा की जांच कर रही है। अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

समधन के साथ हुई थी हाथापाई 

गौरतलब है कि बीते रविवार को बाराचट्टी में हम पार्टी के विधायक ज्योति मांझी के काफिले और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता की घटना हुई थी।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने पुलिस को कड़ी कार्रवाई के लिए आठ दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसी बीच फेसबुक पर वायरल हुए धमकी भरे वीडियो ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया।