खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को चिह्नित करेगा जदयू, दिखाएगा बाहर का रास्ता
नवादा जिले में जदयू के प्रदर्शन पर चर्चा के लिए जगह-जगह पार्टी की बैठक हुई। इसमें खराब प्रदर्शन के कारणों की चर्चा की गई। कहा गया कि कुछ लापरवाह लोगों के कारण पार्टी का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा।
जासं, नवादा। विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) में पार्टी के प्रदर्शन की मंगलवार को हुई समीक्षा में जदयू (JDU) नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहन मंथन किया। नवादा सदर और नारदीगंज में पार्टी की बैठक हुई। इसमें कहां चूक हुई, किस बूथ पर कमजोर रहे, क्यों ऐसा हुआ, इन सभी बातों पर चर्चा की गई। नारदीगंज पानी टंकी परिसर में हुई बैठक की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा ने की।
हार के जिम्मेदार पार्टी पदाधिकारियों को दिखाएं बाहर का रास्ता
बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं के अलावा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, सचिव, पंचायत अध्यक्षों ने अपने-अपने विचार रखे। कहा गया इस चुनाव में जिस बूथ पर चूक हुई है, वहां ध्यान देना जरूरी है। जिन बूथ अध्यक्षों, सचिवों व पंचायत अध्यक्षों ने चुनाव में लापरवाही बरती, उन्हें चिह्नित कर बाहर का रास्ता दिखाया जाए। उनकी जगह समर्पित कार्यकर्ता को वह जिम्मेदारी सौंपने की वकालत की गई। मौके पर जदयू जिला महासचिव जयशंकर चंद्रवशी, अर्जुन यादव, कैलाश यादव, अजय यादव, मनोज यादव, प्रदीप यादव, प्रमोद कुमार, विनय कुमार साव, देवनंदन प्रसाद, संदीप कुमार, सुनील सिंह, गोरेलाल यादव, धन्नजय कुमार, अमित कुमार, सुरेश राजवंशी समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
योजनाओं का सही तरीके से नहीं हुआ प्रचार-प्रसार
सदर प्रखंड के पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष हीरालाल साव ने की। बैठक में मुख्य रूप से जिला महासचिव सह प्रदेश महासचिव अति पिछड़ा प्रकोष्ठ जय शंकर चंद्रवंशी ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पंचायत वार हार की समीक्षा बैठक की जा रही है। इस बैठक में पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरेक क्षेत्र में विकास कार्य किया गया। लेकिन, विपक्षी पार्टी ने भ्रम फैलाया। इसी के चलते हमारे पार्टी के उम्मीदवार की हार हुई। सरकार के कार्यों का सही तरीके से प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। आने वाले समय में हम सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाएंगे। बैठक में संजय यादव, डॉक्टर शंभू शरण प्रसाद, शिवबालक चौहान, अशोक सिंह, राजेश यादव, मुकेश मेहता, दिलीप पासवान, नरेश रविदास, पिंटू यादव, शंभू यादव, अरविंद यादव, सुरेश प्रसाद, अनिल राजवंशी आदि ने हार की वजह पर चर्चा की।