Gaya: बेल तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गए जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष, पांव फिसलने के कारण गिरे, तोड़ा dam
गया जिले के इमामगंज प्रखंड निवासी जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डॉ. अरविंद प्रसाद की मौत पेड़ से गिरने के कारण हो गई। वे अपने घर के पास पेड़ पर चढ़कर बेल तोड़ रहे थे। इसी दौरान नीचे गिर पड़े।
इमामगंज (गया), संवाद सूत्र। प्रखंड के बारा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया जब जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष की पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई। इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में कोहराम मच गया। जदयू नेता के असामयिक निधन पर पार्टी के लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उनका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। स्वजनों ने अंत्येष्टि कर दी।
काल बन गया बेल
बताया जाता है कि जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डॉ. अरविंद प्रसाद के घर के पास बेल का पेड़ है। उसपर बेल का फल लदा हुआ है। गर्मी को देखते हुए वे बेल तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े थे। लेकिन यह बेल उनके लिए जानलेवा बन गया। परिवार के लोग उस घड़ी को कोस रहे हैं जब वे पेड़ पर चढ़े थे। पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष बृजनंदन प्रसाद ने बताया कि शनिवार को वे अपने घर के पास पेड़ पर चढ़कर बेल तोड़ रहे थे। इसी क्रम में उनका संतुलन बिगड़ गया और पांव फिसलने के कारण वे नीचे गिर पड़े। गिरते ही वे अचेत हो गए।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें शेरघाटी के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां भर्ती कराने के बाद उनका उपचार शुरू किया गया लेकिन कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद तो कोहराम मच गया। परिवार के लोगों की करुण चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। डॉ. अरविंद प्रसाद की मौत की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगाें का तांता लगा रहा। जदयू के कई नेताओं ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रो. गणेश प्रसाद, डॉ. द्वारिका प्रसाद, विजय प्रसाद, कपिल प्रसाद, प्रह्लाद प्रसाद, परमेश्वर प्रसाद सिंह आदि लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।