Breaking: पटना से 36 लाख के गबन के आरोपी प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार, सासाराम में प्राथमिकी हुई थी दर्ज
रोहतास के डेहरी अनुमंडल के अकोढ़ी गोला प्रखंड के पूर्व प्रखंड कृषि पदाधिकारी मलय कुमार शेखर को पटना के अनिसाबाद से बुधवार रात को गिरफ्तार किया गया है। एसपी आशीष भारती ने यह जानकारी आज रात यहां दी।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑन सोन, रोहतास। डेहरी अनुमंडल के अकोढ़ी गोला प्रखंड के पूर्व प्रखंड कृषि पदाधिकारी मलय कुमार शेखर को पटना के अनिसाबाद से बुधवार रात को गिरफ्तार किया गया है। एसपी आशीष भारती ने यह जानकारी आज रात यहां दी । उन्होंने बताया कि अकोढ़ी गोला में उक्त प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ने अपनी प्रतिनियुक्ति के दौरान रोहतास के बाजार समिति में तकिया सीएमआर गोदाम के गोदाम प्रबंधक के रूप में प्रतिनियुक्त थे। इस दौरान उन पर 36 लाख रुपये से ज्यादा राशि के धान की सरकारी राशि गबन करने का आरोप लगाया गया था।
2017 में सासाराम नगर थाने में एफ आई आर हुई थी दर्ज
इस मामले में साल 2017 में सासाराम नगर थाने में एफ आई आर दर्ज की गई थी। एसपी ने बताया कि आज गुप्त सूचना के आधार पर इस मामले के प्राथमिकी अभियुक्त शेखर को पटना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।