नवादा में अतिव्यस्ततम चौक पर पागल कुत्ते ने भागने के क्रम में जो रास्ते मे मिला उसको बनाया शिकार, मची भगदड़
एक कुत्ते ने दो दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया। अचानक हुए हमले के बाद चौक पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाजार में इस प्रकार की भगदड़ से लोग सहम उठे। कुत्ते ने रिक्शे पर चढ़ कर भी लोगों को काटा।
संवाद सहयोगी, नवादा : नगर के अतिव्यस्ततम प्रजातंत्र चौक पर गुरुवार को एक कुत्ते ने दो दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया। अचानक हुए हमले के बाद चौक पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाजार में इस प्रकार की भगदड़ से लोग सहम उठे। बाद में लोगों को माजरा समझ में आया तो लोगों में आतंक कहा गया। इसके बाद लोगों ने कुत्ते को खदेड़ा। इस दौरान कुत्ते ने दो दर्जन लोगों को जख्मी कर दिया। कुछ राहगीर ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। कुत्ते ने रिक्शे पर चढ़ कर भी लोगों को बुरी तरह काट डाला। जिसके बाद ई-रिक्शा पर सवार लोगों ने कूद कर जान बचाई। भागने के क्रम में कुत्ते ने रास्ते में जो मिला, उसे काट लिया।
ये लोग हुए जख्मी
घायलों में राजेंद्र नगर के लक्की कुमार, खगड़िया के सुनील कुमार, वजीरगंज के विशुनदेव शर्मा, मंझवे के भुनेश्वर प्रसाद, मंजौर के कृष्णदेव चौधरी, दोपटा के संतोष कुमार, बागी बरडीहा के मो. सहबाज, बड़ी दरगाह के मो. राजू, फरहा की शबरा खातून, बरेव के कमरुद्दीन, मुस्लिम रोड के मो. मिष्ठुर, ननौरी के सुविन, जैतु बिगहा के रौशन, गोयठाडीह के अर्जुन यादव, न्यू एरिया की रामदुलारी देवी, तेतरिया के रामवृक्ष यादव, सिरदला के बबलू कुमार, भरोसा की श्रृतिका वर्मा, कोनिया पर के अनिल कुमार, अंसार नगर के जफर आलम, सोनरापट्टी रोड के कृष कुमार, ननौरी की साक्षी कुमारी शामिल हैं।
सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
कुत्ते के हमले से जख्मी लोगों ने सदर अस्पताल पहुंच कर अपना-अपना इलाज कराया। अचानक काफी संख्या में घायलों के पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मी भी हक्के-बक्के रह गए। उपस्थित चिकित्सकों ने सभी का इलाज किया। घायलों को एंटी रैबिज सूई लगाई गई। इस घटना से घायल लोग काफी परेशान दिखे।
इस घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि इस कुत्ते को जल्द से जल्द हमारे मोहल्ले से भगा दिया जाए नहीं तो और भी कई लोग शिकार होंगे कुछ नहीं कहा जा सकता।