औरंगाबाद में आपसी विवाद में जमकर हुई मारपीट, छह घायल, दो की हालत गंभीर देख किया गया रेफर
औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के खिरियावां गांव में हुई मारपीट की घटना में छह लोग जख्मी हो गए। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। उनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें रेफर कर दिया गया।
संवाद सूत्र, मदनपुर( औरंगाबाद)। मदनपुर थाना क्षेत्र के खिरियावां गांव में बुधवार की देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। उसके बाद मामला धीरे -धीरे बढ़ता चला गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। फिर दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इस घटना में चार महिलाओं सहित कुल छह लोग घायल हो गये।
बताया जाता है कि किसी बात पर दोनेां पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला काफरी बढ़ गया। घायलों में अवधेश महतो की पत्नी चिंता देवी, आनंद महतो की पत्नी उषा देवी, उनकी पुत्री नीतू कुमारी, श्वेता कुमारी, पुत्र नीतीश कुमार एवं पिता गंगा महतो शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से इलाज कराने को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मदनपुर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। शेष चार लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल उषा देवी व चिंता देवी को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर किया है। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
दाउदनगर में पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
दाउदनगर पुलिस ने नाल बंद टोली निवासी भीम कुमार को नशे की हालत में एक देसी पिस्टल और कारतूस के साथ मंगलवार को गिरफ्तार किया है। एसआई मोहम्मद अरमान ने दाउदनगर बारुण रोड स्थित पासवान चौक के पास से उसकी गिरफ्तारी की है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया।
चार बाइक चालकों से वसूला गया चार हजार जुर्माना
दाउदनगर पुलिस ने बुधवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाकर विभिन्न कारणों से चार बाइक को पकड़ा। जिनसे 4000 रुपये का चालान काटा गया। पुलिस लगातार वाहन जांच अभियान चला रही है।