विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT से इंजीनियरिंग, फिर IFS में सफलता; BPCL की नौकरी छोड़ गया के शुभम कुमार ने लहराया परचम

Published: Sun, 10 May 2026 08:49 AM (IST)

गया के शुभम कुमार ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में 58वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

भारतीय वन सेवा में सफल शुभम कुमार। सौ-स्‍वजन

भारतीय वन सेवा में सफल शुभम कुमार। सौ-स्‍वजन

HighLights

  1. शुभम कुमार ने IFS परीक्षा में 58वीं रैंक पाई।

  2. आईआईटी भुवनेश्वर से पढ़ाई, भारत पेट्रोलियम में काम किया।

  3. बड़े भाई सौरभ और परिवार का मिला महत्वपूर्ण सहयोग।

जागरण संवाददाता, गयाजी। जिले के होनहार युवा शुभम कुमार ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित परीक्षा में शुभम ने अखिल भारतीय स्तर पर 58वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय वन सेवा में अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

शुभम, अग्रवाल हाई स्कूल के सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक मुन्ना कुमार सिंह के छोटे पुत्र हैं। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

आईआईटी भुवनेश्‍वर से की पढ़ाई

सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।

शुभम ने आईआईटी भुवनेश्वर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने भारत पेट्रोलियम में करीब दो वर्षों तक कार्य किया।

लेकिन प्रशासनिक सेवा में जाने और देश-समाज के लिए कुछ बेहतर करने की इच्छा ने उन्हें नई राह चुनने के लिए प्रेरित किया।

नौकरी छोड़कर उन्होंने भारतीय वन सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और कठिन परिश्रम के दम पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

बड़े भाई का मिला मार्गदर्शन

उनकी सफलता में बड़े भाई सौरभ का भी अहम योगदान रहा। सौरभ ने आईएसएम धनबाद से बीटेक तथा आईआईएम रांची से एमबीए की शिक्षा प्राप्त की है।

तैयारी के दौरान उन्होंने हर कदम पर शुभम का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। परिवार के लोगों का कहना है कि दोनों भाइयों की मेहनत और संस्कार युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं।

शुभम के पिता मुन्ना कुमार सिंह ने अपने शिक्षकीय जीवन में अनुशासन और समर्पण के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

अनुशासन, क‍ठ‍िन मेहनत और परिवार का सहयोग रहा अहम

लोगों का मानना है कि शुभम की सफलता के पीछे पिता के संस्कार, मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग सबसे बड़ी ताकत रही।

इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा, भोला त्रिपाठी, रणधीर शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, राहुल कुमार, संजय कुमार सिंह, मनोज कुमार, संजीत कुमार, चंद्र भूषण तिवारी, कमलेश कुमार और अंजनी कुमार आदि ने शुभकामनाएं दीं।

लोगों ने विश्वास जताया कि शुभम अपनी प्रतिभा, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदार कार्यशैली के बल पर भारतीय वन सेवा में उत्कृष्ट योगदान देंगे तथा पर्यावरण संरक्षण और देश सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।  

यह भी पढ़ें- बहन अधिकारी, भाई आईआईटियन; गया न‍िवासी श‍िक्षक के बेटे ने UPSC में हासिल की 66वीं रैंक