चोरी की बाइक पर दूसरी गाड़ी का नंबर लगाकर जा रहे थे मेला, गया में बोकारो और शेरघाटी के तीन युवक गिरफ्तार
गया पुलिस ने चेरकी बाजार से चोरी की बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। वे दूसरी गाड़ी ...और पढ़ें

बरामद बाइक के साथ तीन गिरफ्तार
HighLights
चेरकी बाजार में चोरी की बाइक के साथ तीन युवक गिरफ्तार।
चोरी की बाइक पर लगाया था फर्जी नंबर प्लेट।
दुर्गा पूजा मेला जाते समय पुलिस ने पकड़ा।
संवाद सूत्र, बोधगया। गया जिले के चेरकी थाना क्षेत्र के चेरकी बाजार में पुलिस ने मंगलवार को चोरी की बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
आरोप है कि तीनों युवक चोरी की बाइक पर दूसरी गाड़ी का नंबर प्लेट लगाकर दुर्गा पूजा मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की जांच में उनकी पोल खुल गई और तीनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बोकारो जिले के बेरमो निवासी साहिल खान तथा शेरघाटी थाना क्षेत्र के खंडेल गांव निवासी अलतमस अरफाक और अलकमा खान के रूप में हुई है।
दूसरी गाड़ी का लगा था नंबर प्लेट
पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर चेरकी मेला देखने जा रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने जांच के लिए उन्हें रोका। जांच में पता चला कि बाइक पर किसी दूसरी गाड़ी का नंबर प्लेट लगा हुआ था। बाइक चोरी की होने की बात सामने आने पर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस उनसे पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि बाइक का असली मालिक कौन है और इसपर नंबर किस गाड़ी का लगा हुआ है।
इस संबंध में चेरकी थानाध्यक्ष ट्विंकल सिंह ने बताया कि चोरी की बाइक को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
