बिहार: 'मेरे सामने ससुर की गर्दन दबाई', जादू-टोने के शक में बेटे पर पिता के कत्ल का आरोप; डेड बॉडी 'गायब'
इमामगंज के कुइवार गांव में ओझा-गुनी के शक में बेटे राजकुमार रजक पर पिता रामदास रजक की हत्या का आरोप ...और पढ़ें

'मेरी आंखों के सामने ससुर की गर्दन दबाई', जादू-टोने के शक में बेटे पर पिता के कत्ल का आरोप
संवाद सूत्र, इमामगंज (गया)। इमामगंज प्रखंड की दुबहल पंचायत के कुइवार गांव में कथित तौर पर ओझा-गुनी और जादू-टोना करने के शक में रामदास रजक की हत्या किए जाने का आरोप उनके छोटे बेटे राजकुमार रजक पर लगा है। घटना के बाद सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि रामदास का शव पुत्र द्वारा जला दिया गया।
स्वजनों का आरोप है कि राजकुमार ने अपने तीन चाचा के साथ मिलकर शव जला दिया। समाचार लिखे जाने तक न शव का पता चला है और न ही आरोपित पुलिस की पकड़ में आया था।
वहीं, रामदास रजक की पत्नी फूल कुमारी देवी ने अपने छोटे बेटे राजकुमार पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। स्वजन के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच ओझा-गुनी और जादू-टोना को लेकर विवाद था। पत्नी का आरोप है कि इसी शक ने उनके परिवार को उजाड़ दिया।
बहू बोली- आंखों के सामने देवर ने ससुर की गर्दन दबाई
रामदास रजक की बहू प्रमिला देवी ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रमिला का दावा है कि घटना उनकी आंखों के सामने हुई। उनके अनुसार, राजकुमार ने अपने पिता रामदास रजक को पकड़ लिया और उनकी गर्दन पर दबाव डाला। इसके बाद उनकी मौत हो गई।
प्रमिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद राजकुमार ने उन्हें मुंह बंद रखने की धमकी भी दी। किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई।
पिता का शव भी नसीब नहीं, अंतिम दर्शन की आस में स्वजन
वहीं, मामले ने तब और रहस्यमयी मोड़ ले लिया, जब रामदास रजक का शव गायब होने की बात सामने आई। स्वजनों का आरोप है कि घटना के बाद राजकुमार अपने तीन चाचा के साथ शव लेकर कहीं चला गया। अब परिवार के कुछ सदस्य रामदास के अंतिम दर्शन के लिए शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
पत्नी अपने पति और बेटी अपने पिता के शव की राह देख रही है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद इमामगंज थाना पुलिस कुइवार गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस रामदास रजक के शव की तलाश में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है।
शव को लेकर गहराया रहस्य, अलग-अलग चर्चाएं
वहीं, इस संबंध में इमामगंज थाना के एसआई नौशाद खान ने बताया कि रामदास रजक के शव की तलाश की जा रही है। शव को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कहीं शव जला दिए जाने की चर्चा है तो कहीं उसे दूसरी जगह फेंके जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने इनमें से किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं पुलिस के अनुसार, आरोपित राजकुमार रजक फिलहाल फरार है।
एसआई नौशाद खान ने बताया कि अभी तक मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस शव की तलाश के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या, ओझा-गुनी से जुड़े आरोप और शव गायब होने की वास्तविक कहानी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
