विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया में सेवानिवृत्त होमगार्ड की धारदार हथ‍ियार से हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार, बाइक चोरी की श‍िकायत ने ली जान

By Rakesh Kumar Edited By: Vyas Chandra
Published: Tue, 13 Jan 2026 09:22 PM (GMT+05:30)

गया जिले के बेलागंज के टिकुली गांव में दामाद की बाइक चोरी के विवाद में सेवानिवृत्त होमगार्ड मुद्रिका यादव की ...और पढ़ें

गया में रिटायर्ड होमगार्ड जवान की हत्‍या।

गया में रिटायर्ड होमगार्ड जवान की हत्‍या।

HighLights

  1. दामाद की बाइक चोरी के विवाद में हत्या।

  2. सेवानिवृत्त होमगार्ड मुद्रिका यादव की मौत।

  3. आरोपी पिता-पुत्र नीतीश और दिनेश गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के टिकुली गांव में मंगलवार की देर शाम धारदार हथियार से सेवानिवृत्त होमगार्ड की हत्या कर दी गई।

घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान टिकुली गांव निवासी सेवानिवृत्त होमगार्ड मुद्रिका यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात मुद्रिका यादव के दामाद की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी।

इस संबंध में स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मोटरसाइकिल चोरी को लेकर मंगलवार की शाम पड़ोसी दिनेश यादव के पुत्र नीतीश कुमार से कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान नीतीश कुमार ने धारदार हथियार से मुद्रिका यादव पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल मुद्रिका यादव की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक पिछले वर्ष होमगार्ड की सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं जिला मुख्यालय से विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने हत्या मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नीतीश कुमार एवं उसके पिता दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। 

विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया गया है। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है।