विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पितृपक्ष मेला 2026: गयाजी में लेजर शो और फल्गु में फाउंटेन से दिखेगा भव्य नजारा, कचरे से आएगी इत्र की खुशबू

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:39 PM (IST)

गया नगर निगम बोर्ड की बैठक में पितृपक्ष मेले की तैयारियों को मंजूरी दी गई, जिसमें सफाई, पेयजल, रोशनी और नई आकर्षक व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया।

पितृपक्ष मेले की तैयारी पर निगम बोर्ड की मुहर, सफाई-पेयजल-रोशनी पर रहेगा जोर

पितृपक्ष मेले की तैयारी पर निगम बोर्ड की मुहर, सफाई-पेयजल-रोशनी पर रहेगा जोर

HighLights

  1. निगम बोर्ड ने पितृपक्ष मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

  2. सफाई, पेयजल, रोशनी और सड़क मरम्मत पर विशेष जोर रहेगा।

  3. लेजर लाइट शो और फल्गु नदी में फाउंटेन की व्यवस्था होगी।

जागरण संवाददाता, गयाजी। नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में निगम बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में पितृपक्ष मेले को लेकर चल रही तैयारियों और कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदन में मौजूद सदस्यों ने प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने पर मुहर लगाई।

मेयर ने कहा कि गयाजी की पहचान पितृपक्ष मेले से है। देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सफाई, पेयजल, रोशनी, सड़क और नाली की मरम्मत समेत अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाएगा।

मेयर ने कहा कि इस बार पितृपक्ष मेले में तीर्थयात्रियों को कुछ अलग देखने को मिलेगा। लेजर लाइट के माध्यम से गयाजी के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देने की तैयारी है। वहीं, फल्गु नदी में फाउंटेन के माध्यम से भी आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को गयाजी की धार्मिक महत्ता से परिचित कराना है।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। नगर निगम की ओर से कचरा उठाव और ढुलाई की व्यवस्था को पहले से बेहतर बनाने की बात कही गई। कचरे से दुर्गंध नहीं निकले, इसके लिए इत्र का छिड़काव किया जाएगा। कचरे की ढुलाई पूरी तरह ढककर करने की योजना है, ताकि सड़क पर कचरा गिरने और दुर्गंध फैलने की समस्या नहीं हो।

मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने की भी बात कही। बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन, सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, दीपक कुमार, जयप्रकाश सिंह यादव सहित कई पार्षद और निगम पदाधिकारी मौजूद रहे।

मेला क्षेत्र में जगह-जगह मिलेगा शीतल पेयजल

उमस भरी गर्मी को देखते हुए मेला क्षेत्र में शीतल पेयजल की व्यवस्था को भी प्रमुखता दी गई है। मेयर ने कहा कि मेला क्षेत्र में प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों को परेशानी नहीं हो। श्रद्धालुओं को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी है।

खुले में मांस-मछली की बिक्री पर सख्ती

बैठक में खुले में मांस-मछली की बिक्री को लेकर भी प्रस्ताव रखा गया। सदस्यों ने कहा कि शहर में खुले में मांस-मछली की बिक्री से गयाजी की छवि प्रभावित होती है। यदि कहीं मांस-मछली की बिक्री की जाती है तो पर्दे की व्यवस्था अनिवार्य होनी चाहिए।

सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित दुकानों को बंद कराने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। इस संबंध में सदन से प्रस्ताव पारित किया गया।

ऑटो स्टैंड की वसूली रोकने पर सदस्यों ने जताई नाराजगी

पितृपक्ष के दौरान एक पखवारे तक शहर के ऑटो स्टैंड से राशि की वसूली नहीं करने की बात नगर आयुक्त डा. गगन ने सदन में रखी। उन्होंने इसे जिला प्रशासन के आदेश से जुड़ा बताया। इस पर कई सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों का कहना था कि आटो स्टैंड नगर निगम की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है। एक पखवाड़े तक वसूली बंद होने से निगम के राजस्व पर असर पड़ेगा।

सदस्यों ने कहा कि पहले जिला प्रशासन बस पड़ाव से राशि की वसूली बंद करे, उसके बाद नगर निगम के आटो स्टैंड को लेकर निर्णय लिया जाए।

स्वच्छता पदाधिकारी वित्तीय शक्ति से अलग

बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार के कार्यों को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाए। सदस्यों ने कई कार्यों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया।

इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता पदाधिकारी की वित्तीय शक्ति सशक्त स्थायी समिति की बैठक में मिली जानकारी के बाद समाप्त कर दी गई है। जल्द ही स्वच्छता पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई को लेकर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पार्षदों ने पारदर्शिता पर दिया जोर

बैठक में वार्ड पार्षद नैयर अहमद, राहुल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और निगम के कार्यों से जुड़े मुद्दे सदन में रखे।

सदस्यों ने कहा कि निगम के प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि शहरवासियों को योजनाओं और खर्च की पूरी जानकारी मिल सके। नगर आयुक्त ने कहा कि निगम की ओर से सभी कार्यों को पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और आगे भी यह व्यवस्था जारी रहेगी।

बुडको के कार्यों पर भी उठे सवाल

शहर में पेयजल आपूर्ति को लेकर बुडको की ओर से किए जा रहे कार्यों पर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। सदस्यों ने कहा कि कई वार्डों में काम सही तरीके से नहीं होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित है।

सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को बुडको के पदाधिकारियों और सभी पार्षदों के बीच बैठक होगी। इसमें विभिन्न वार्डों में पेयजल की समस्या पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।