गया में लापता व्यक्ति की हत्या और जंगल में शव दफनाने की चर्चा से सनसनी, पत्नी-पुत्र से पूछताछ; पुलिस को नहीं मिला सुराग
गया के बाराचट्टी में एक व्यक्ति की कथित हत्या कर शव जंगल में दफनाने की चर्चा है, जिससे क्षेत्र में ...और पढ़ें

पंचायत में सात लोगों के हत्या में शामिल होने की चर्चा
HighLights
बाराचट्टी के अंबातरी गांव में व्यक्ति की हत्या की चर्चा।
मेघन सिंह का शव जंगल में दफनाने की बात सामने आई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी और पुत्र से पूछताछ की।
संवाद सूत्र, बाराचट्टी (गया)। गया के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत अंतर्गत अंबातरी गांव में एक व्यक्ति की कथित हत्या कर शव जंगल में दफनाए जाने की चर्चा से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मेघन सिंह की हत्या उनकी पत्नी और बड़े पुत्र समेत कुछ लोगों ने मिलकर की तथा शव को जंगल में दफना दिया। हालांकि, पुलिस ने अब तक हत्या की पुष्टि नहीं की है।
पंचायत में सात लोगों के हत्या में शामिल होने की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार घटना बीते शनिवार की बताई जा रही है। मेघन सिंह के लापता होने के बाद गांव में उनकी हत्या की चर्चा शुरू हुई।
गुरुवार को ग्रामीणों ने दावा किया कि पंचायत में मृतक के पुत्र ने सात लोगों द्वारा मिलकर हत्या किए जाने की बात कही। ग्रामीणों के अनुसार शव को बतेशी जंगल में गड्ढा खोदकर दफनाने की बात भी सामने आई है।
शव को गांव लाने की भी कही जा रही बात
ग्रामीणों के अनुसार बाद में गोतिया के सहयोग से शव को कथित रूप से गड्ढे से निकालकर अंबातरी गांव लाए जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को शव की जानकारी देकर कानूनी प्रक्रिया के लिए बुलाया गया था। हालांकि, पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का भी ग्रामीणों ने दावा किया है। इन दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
पत्नी-पुत्र से पुलिस ने की पूछताछ
इधर, पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी और पुत्र को थाना लाकर पूछताछ की गई है।
पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि मेघन सिंह की मृत्यु बीमारी से हुई है और उनकी हत्या नहीं की गई है। शव के संबंध में पूछे जाने पर दोनों ने कोई जानकारी देने में असमर्थता जताई।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी जांच
थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। बिना लिखित शिकायत के पुलिस की ओर से कार्रवाई करना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल हत्या और शव को जंगल में दफनाए जाने की चर्चा की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
