Gaya Rail News : गया जंक्शन के रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया देश को समृद्ध और सशक्त बनाने का संकल्प
पूर्व मध्य रेलवे के गया जंक्श्ान पर गुरुवार को सतर्कता जागरुकता सप्ताह के अंतर्गत दूसरे दिन वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश को मजबूत और विकसित बनाने का संकल्प लिया।
वेबिनार में शामिल रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी। जागरण
जेएनएन, गया। भारतीय रेल की ओर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद कर्मचारियों, अधिकारियों, रेल यात्रियों और आम लोगों को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जागरूक करना है। मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में नियमित कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को संविधान में वर्णित प्रावधानों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के तरीकों को बताया जा रहा है।
इसी क्रम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दूसरे दिन मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 'सतर्क भारत, समृद्ध भारत' विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार के दौरान कर्मचारियों को रेलवे और सरकार के अद्यतन नियमों की जानकारी दी गई। कहा गया कि नियमों को जानते हुए पूरी सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करने की जरूरत है। विभाग का हर कर्मचारी सकारात्मक रूप से सतर्क रहते हुए समय पर कार्य संपादित कर रेलवे जैसी सार्वजनिक सेवा को आगे ले जा सकता है। रेलवे के समुचित विकास से देश की समृद्धि में भी योगदान हो सकेगा। वेबिनार में अपर मंडल रेल प्रबंधक-वन राकेश कुमार रोशन तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक-टू अतुल कुमार सहित सभी शाखाओं के विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। वेबिनार का संचालन वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अजीत कुमार ने किया।
कर्मचारियों ने लिया सत्यनिष्ठा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों ने कहा कि वे भारतीय रेल और देश के विकास के लिए सजग होकर काम करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि कार्यक्रम का मकसद रेलवे में ईमानदारी और पारदर्शिता को बल देना है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान रेलवे की हालिया उपलब्धियों और चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन जैसी विषम परिस्थिति में भी रेलवे ने काफी सराहनीय प्रदर्शन किया है। लोगों को एक-दूसरे से संपर्क बनाये रखने, जरूरी सामान की आपूर्ति और व्यवसाय गतिविधियों को सुचारू रखने में रेलवे का योगदान अहम है।