गया में युवाओं के लिए मौका: फ्लिपकार्ट, एयरटेल समेत कई कंपनियां 3416 पदों पर करेंगी भर्ती
गयाजी में आज राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
गया में आज एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित।
कुल 3416 रिक्तियों पर युवाओं को मिलेगा रोजगार।
मेला निःशुल्क, दलालों से सावधान रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, गयाजी। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय गया की ओर से मंगलवार को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा।
मेला राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर एवं मैदान में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों की ओर से कुल 3416 रिक्तियों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
मेले में ब्लिंक कामर्स, शुभकामना हार्ट हॉस्पिटल गया, एसआईएस इंडिया लिमिटेड, शाकंभरी स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड शेरघाटी, एयरटेल पेमेंट बैंक, फ्लिपकार्ट, क्वेस्ट क्राप लिमिटेड, नवभारत फर्टिलाइजर, एचसीएन टेक, श्री ओम साईं ऑटो गया, विजन इंडिया, आमधाने, उत्कर्ष वेलफेयर फाउंडेशन, मदर टेरेसा मैनेजमेंट कॉलेज, नवीन किसान बायोटेक, डीसेट्स प्राइवेट लिमिटेड, जोमिरा वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी।
दस्तावेज साथ लाना जरूरी
रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अद्यतन बायोडाटा या रिज्यूमे, पहचान पत्र, एनसीएस (नेशनल करियर सर्विस) पोर्टल पंजीयन की प्रति और बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पंजीयन की प्रति साथ लानी होगी।
इसके अलावा सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी छायाप्रति भी रखना जरूरी है। नियोजनालय की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर मेला स्थल पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों की योग्यता एवं आवश्यकतानुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
नौकरी के नाम पर राशि मांगने वालों से रहें सावधान
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेला पूर्णतः निश्शुल्क है। किसी भी दलाल, बिचौलिए या एजेंट के बहकावे में नहीं आएं।
नौकरी या मेले में चयन कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति राशि की मांग करता है तो उसे किसी प्रकार का भुगतान नहीं करें। ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
रोजगार मेले से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जिला नियोजनालय, गया से संपर्क किया जा सकता है। सहायता के लिए 9060142302 नंबर जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- तराजू वाले हाथों में थमाई कलम तो गुरु के नाम कर दिया गांव, अब बांका की खुशबू को मिलेगा राष्ट्रपति से पुरस्कार
