विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gaya Weather Update: गया में भीषण गर्मी का कहर जारी, 23 जून तक बारिश के आसार नहीं

Published: Wed, 17 Jun 2026 02:35 PM (IST)

गया जिले में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ...और पढ़ें

गया में भीषण गर्मी का कहर जारी, 23 जून तक बारिश के आसार नहीं (AI Generated Image)

गया में भीषण गर्मी का कहर जारी, 23 जून तक बारिश के आसार नहीं (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, गयाजी। जिले में इन दिनों तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी से आमजन परेशान हैं। अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है।

सुबह होते ही सूर्य की तपिश अपना असर दिखाने लगती है और सुबह 10 बजे तक तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है। दोपहर होते-होते चिलचिलाती धूप लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर रही है।

गर्मी का आलम यह है कि पंखा और कूलर भी गर्म हवा देने लगे हैं। जिससे लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही है। रात के समय भी उमस बनी रहने के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। पिछले चार महीनों से जिले के लोग लगातार गर्मी की मार झेल रहे हैं। जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। तेज धूप और लू जैसी गर्म हवाओं के चलते लोग जरूरी काम के अलावा घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बाजारों में भी इसका साफ असर देखा जा रहा है।

दुकानदार ग्राहक के इंतजार में आधा शटर खोलकर बैठे रहते हैं, लेकिन ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। हालांकि इस भीषण गर्मी में पेय पदार्थों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है।

बजाजा रोड समेत अन्य क्षेत्रों में शरबत, सिकंजी, नींबू पानी और कोल्ड ड्रिंक की बिक्री में तेजी आई है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए इनका सहारा ले रहे हैं।

वहीं, सड़क किनारे लगे ठेलों पर गन्ने का रस, सत्तू का शरबत और नारियल पानी पीने वालों की भीड़ देखी जा रही है। ये देसी पेय पदार्थ लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत दे रहे हैं।

एक सप्ताह तक तक वर्षा के आसार नहीं

गर्मी से राहत की उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून तक जिले में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक शैलेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा।

23 जून के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है और वर्षा होने की संभावना बन सकती है। यदि वर्षा होती है तो अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकेगी।

फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें, ताकि गर्मी के प्रभाव से बचा जा सके।

मौसम का पूर्वानुमान

तिथि अधिकतम न्यूनतम
17 जून 40 28
18 जून 40 29
19 जून 39 29
20 जून 38 28
21 जून 38 27
22 जून 37 26