विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया में दारोगा पुत्र रानू सिंह हत्याकांड में आधी रात पुल‍िस से मुठभेड़, दो मुख्य आरोपितों के पैर में लगी गोली

Published: Fri, 23 Oct 2026 10:51 AM (GMT+05:30)

गया में दारोगा पुत्र रानू सिंह हत्याकांड के दो मुख्य आरोपितों श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला को पुलिस मुठभेड़ ...और पढ़ें

मुठभेड़ में घायल श्‍याम ब‍िहारी उर्फ काला और गौरव।

मुठभेड़ में घायल श्‍याम ब‍िहारी उर्फ काला और गौरव।

HighLights

  1. दारोगा पुत्र रानू सिंह हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

  2. दो मुख्य आरोपितों श्याम बिहारी और गौरव को लगी गोली।

  3. मुठभेड़ के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

संवाद सूत्र, मानपुर (गया)। दारोगा पुत्र रानू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिच्छी गांव में शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हुई।

इसमें हत्याकांड के दो मुख्य आरोपित श्याम बिहारी और गौरव उर्फ काला के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गया के एसएसपी सुशील कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। मुठभेड़ के बाद रानू सिंह हत्याकांड की जांच में तेजी आने की उम्मीद है। पुलिस अब इस घटना से जुड़े अन्य आरोपितों और फरार संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

19 अक्टूबर की रात हुई थी गोलीबारी

गौरतलब है कि 19 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब 11:30 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में अपराधियों ने गोलीबारी की थी।

इस घटना में मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के छोटे पुत्र रानू सिंह (30) की गोली लगने से मौत हो गई थी।

जबकि उनके बड़े पुत्र मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोनू सिंह का पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी।

प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार भी किया था। अब दो अन्य मुख्य आरोपितों के मुठभेड़ में घायल होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

encounter 1

(मुफस्सिल थाना क्षेत्र बिच्छी गांव में इसी स्‍थान पर हुई मुठभेड़।)

अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच

मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों में सेवानिवृत्त दरोगा नागेंद्र सिंह उर्फ नरेंद्र सिंह का नाम भी सामने आया था।

बताया जा रहा है कि वह घायल आरोपित श्याम बिहारी के पिता हैं। हालांकि, हत्याकांड में उनकी भूमिका और मुठभेड़ से संबंधित अन्य पहलुओं पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की वजह, गोलीबारी में शामिल लोगों की भूमिका और घटना की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

अन्य आरोपितों की संलिप्तता और गिरफ्तारी को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मुठभेड़ में दो लोग जख्मी हुए हैं जिसका इलाज मगर मेडिकल में चल रहा है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अस्पताल के अधीक्षक डाॅ .एपी आनंद ने बताया कि दोनों के पैर में लगी गोली निकाल दी गई है। फिलहाल दोनों की स्थिति ठीक है। उनका इलाज जारी है।