गया के बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर 100 करोड़ के ROB का काम फिर शुरू, 2027 तक पूरा करने में भूमि अधिग्रहण की चुनौती
गया में बागेश्वरी गुमटी पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य त्योहारों के बाद फिर से शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर चल रहा आरओबी निर्माण। जागरण
HighLights
बागेश्वरी गुमटी आरओबी निर्माण कार्य त्योहारों बाद फिर शुरू।
₹100 करोड़ का 690 मीटर आरओबी, 2027 तक लक्ष्य।
भूमि अधिग्रहण, अतिक्रमण अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागेश्वरी रेलवे गुमटी के पास रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य फिर शुरू हो गया है।
पितृपक्ष मेला और दुर्गा पूजा के दौरान जिला प्रशासन के निर्देश पर निर्माण कार्य रोक दिया गया था। त्योहार समाप्त होने के बाद चयनित एजेंसी ने काम तेज करने की पहल की है।
करीब 100 करोड़ से 690 मीटर लंबे आरओबी का निर्माण वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल बागेश्वरी गुमटी के उत्तर दिशा में पिलर निर्माण शुरू किया गया है।
निर्माण स्थल पर चलंत बैरिकेडिंग लगाई जा रही है, ताकि सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित न हो और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
दीपावली के बाद दक्षिण दिशा में केंद्रीय विद्यालय की ओर भी पिलर निर्माण शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए संबंधित क्षेत्र में अतिक्रमित सरकारी भूमि खाली कराने का आग्रह जिला प्रशासन से किया गया है।
27 पिलर पर बनेगा दो लेन का आरओबी
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अनुसार, बागेश्वरी गुमटी पर 690 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा दो लेन का आरओबी बनाया जाएगा।
इसके निर्माण में 27 पिलर और दो बॉक्स का प्रावधान है। आरओबी बागेश्वरी मंदिर की ओर पिंटू गली से शुरू होकर रेलवे गुमटी पार करते हुए केंद्रीय विद्यालय संख्या-एक के आगे छोटा हनुमान मंदिर के पास बक्शा दुकान तक बनेगा।
दो सर्विस लेन से स्थानीय लोगों को मिलेगी सुविधा
घनी आबादी को ध्यान में रखते हुए आरओबी की योजना में दो सर्विस लेन भी शामिल की गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। विशेष रूप से पहसी और लोको इलाके के लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, आरओबी पर केवल वाहनों के आवागमन की सुविधा होगी। पैदल चलने वालों के लिए अलग व्यवस्था का प्रावधान नहीं है।
भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण से निर्माण में बाधा
आरओबी निर्माण की राह में भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। संबंधित भूमि मालिकों को अब तक मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है।
मौजा से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है।
वहीं, बागेश्वरी गुमटी के दक्षिणी हिस्से में सड़क किनारे दुकानें लगी हैं और कुछ मकानों के छज्जे भी सड़क की ओर निकले हुए हैं।
अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य में परेशानी हो रही है। इस क्षेत्र को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन से आग्रह किया गया है, ताकि केंद्रीय विद्यालय की ओर भी काम शुरू किया जा सके।
बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण का कार्य फिर शुरू किया गया है। भूमि अधिग्रहण में मौजा से जुड़ी तकनीकी परेशानी थी। इसे सुधार कर दोबारा गजट प्रकाशन के लिए भेजा गया है। गजट प्रकाशन के बाद भूमि मालिक अपना दावा प्रस्तुत करेंगे। इसके आधार पर मुआवजे का भुगतान किया जाएगा।
शशांक शुभंकर, डीएम, गया
यह भी पढ़ें- 100 करोड़ से इसी माह शुरू होगा बागेश्वरी गुमटी आरओबी का निर्माण, 22 को विधानसभा अध्यक्ष करेंगे भूमि पूजन
