गयाजी में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम: जंगल में छिपाया 4 किलो का IED बरामद, CRPF ने किया ध्वस्त
गया जिले के बांकेबाजार प्रखंड में सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान के दौरान जमीन के भीतर छिपाया गया 4 किलो का ...और पढ़ें

सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की आशंका
HighLights
गया के बांकेबाजार में 4 किलो आईईडी बरामद।
सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान के दौरान विस्फोटक खोजा।
बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय किया।
संवाद सूत्र, बांकेबाजार (गया)। गया जिले के बांकेबाजार प्रखंड के लुटुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया शक्तिशाली आइईडी बरामद किया। संयुक्त टीम ने समय रहते विस्फोटक का पता लगाकर बड़े खतरे को टाल दिया।
तरवा-सिंघवा, गुलरियातरी, महादेव स्थान और भुसिया के आसपास घने जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्थान पर सुरक्षाबलों को विस्फोटक की मौजूदगी का पता चला।
संदिग्ध जगह की घेराबंदी कर बुलाया गया बम निरोधक दस्ता
विस्फोटक मिलने की पुष्टि होते ही सुरक्षाबलों ने तत्काल आसपास के इलाके को सुरक्षित कर दिया। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बरामद आइईडी को नियंत्रित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की आशंका
लुटुआ थानाध्यक्ष सिंटू कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि विस्फोटक को सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। मामले की जांच की जा रही है।
आइईडी मिलने के बाद आसपास के इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की निगरानी लगातार जारी है।
जंगल में सर्च अभियान अभी भी जारी
सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रही है। उद्देश्य किसी अन्य संदिग्ध वस्तु या संभावित खतरे का समय रहते पता लगाना है।
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
