पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों को दिलाएं शपथ
गौरी कन्या मध्य विद्यालय मानपुर नगर निगम दक्षिणी में विद्यालय अवर निरीक्षक मंजू कुमारी की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक गुरु गोष्ठी हुई। यहां बीआरपी सीआरसीसी एवं सभी विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपस्थित हुए।
गया । गौरी कन्या मध्य विद्यालय मानपुर नगर निगम दक्षिणी में विद्यालय अवर निरीक्षक मंजू कुमारी की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक गुरु गोष्ठी हुई। यहां बीआरपी, सीआरसीसी एवं सभी विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपस्थित हुए। अवर निरीक्षक मंजू ने शिक्षकों को समय पर नियमित विद्यालय आने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में अवश्य बताएं। उन्हें जानकारी दें कि जहरीली पटाखे जलाने से वायु प्रदूषित हो रही हैं। इसे रोकने में बच्चों की अहम भूमिका होगी। इसलिए बच्चों को प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का संकल्प दिलाएं। बच्चों को मिलने वाली सरकारी लाभ के बारे में अवश्य जानकारी दें। स्थानांतरित होकर आए नए प्रधानाध्यापकों का स्वागत किया गया। गौरी कन्या विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुबोध ने कहा कि बच्चों के भविष्य बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। उन्हें अपने कर्तव्यों पर अडिग रहना चाहिए। गुरु गोष्ठी में शाहिद दिलदार, सतेंद्र प्रसाद, रमाकांत प्रसाद, वंदना सिन्हा, नीलम कुमारी, विजय प्रसाद, हृदय नंद प्रसाद, मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।