Bihar Crime: सीढ़ी से उतरते समय गोली मारकर पिता की हत्या, इस कारण कैमूर में बड़ा बेटा बन गया हत्यारा
कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कसेर गांव में रविवार को एक व्यक्ति ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटनास्थल पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। बड़े बेटे ने जमीन के लिए घटना को अंजाम दिया।
भगवानपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के कसेर गांव में रविवार को बाप-बेटे का रिश्ता रक्तरंजित हो गया। जमीन के लिए बड़े बेटे ने ही गोली मारकर पिता की हत्या कर दी। इस घटना से लोग सन्न रह गए। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि ऐसा भी हो सकता है। मृतक कोमल पांडेय (60) के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित पुत्र फरार है। पुलिस ने उसके घर से बंदूक व गोलियां बरामद की हैं।
पहले से चल रहा था जमीन का विवाद
थानाध्यक्ष ने बताया कि जमीनी विवाद पहले से चल रहा था। पिता और पुत्र के बीच चल रहा जमीन का विवाद थाना तक भी पहुंचा था। सुलझाने का प्रयास भी किया गया था। दोनों मान गए थे। लेकिन अचानक बेटा हत्यारा बन गया। बताया जाता है कि कोमल पांडेय अपने घर की सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान बड़े बेटे माला पांडेय ने उनपर बंदूक तान दी। जबतक पिता कुछ समझ पाते उसने फायर कर दिया। गोली सीधे कोमल पांडेय के मुंह में जा लगी। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। गोली की आवाज के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
खून से लथपथ पड़े थे कोमल पांडेय
आसपास के लोग पहुंचे तो वहां का नजारा देख सन्न रह गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन पुलिस बल को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एक बंदूक व 12 बोर की छह गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। बताया जाता है कि कोमल पांडेय के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र माला पांडेय है जिसने घटना को अंजाम दिया है। दूसरा पुत्र नवीन पांडेय है। अचानक गांव में घटी रिश्ते को शर्मशार करने वाली इस घटना से सभी लोग मर्माहत हैं।