मल्लाहटोली में की गई मछली की जांच, लिए गए नमूने
शहर के मल्लाहटोली मोहल्ला स्थित मछली मंडी में बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान खाद्य संरक्षा आयुक्त सह प्रधान सचिव के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारी सह अभिहित पदाधिकारी मुकेश कश्यप ने चलाया। मछली मंडी से तीन नमूने संग्रह किए गए,
गया । शहर के मल्लाहटोली मोहल्ला स्थित मछली मंडी में बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान खाद्य संरक्षा आयुक्त सह प्रधान सचिव के निर्देश पर खाद्य संरक्षा अधिकारी सह अभिहित पदाधिकारी मुकेश कश्यप ने चलाया। मछली मंडी से तीन नमूने संग्रह किए गए, जिसे जांच के लिए केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला कोलकाता भेजा गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि राज्य मुख्यालय से मछली पर केमिकल लेप चढ़ाने की शिकायत मिली थी। विभागीय आदेश में कहा गया था कि इन दिनों मछली पर फॉर्मालिन या भारी धातु का प्रयोग हो रहा है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि फॉर्मालिन या भारी धातु का लेप कुछ दिनों तक डेड बॉडी को सुरक्षित रखने के लिए चढ़ाया जाता है, जिससे लोग कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से ग्रसित हो सकते हैं। इसलिए यहां बिकने वाली मछलियों की जांच के लिए नमूना लिया गया है। उन्होंने बताया कि तीन अलग-अलग थोक विक्रेताओं से नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यहां बिकने वाली मछली पर केमिकल है या नहीं।