हड़ताली कर्मियों ने कुलपति का फूलों से किया स्वागत
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कमर अहसन करीब एक माह के बाद बुधवार को मुख्यालय पहुंचे।
गया। मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कमर अहसन करीब एक माह के बाद बुधवार को मुख्यालय पहुंचे, जहा 17 नवंबर से हड़ताल पर डटे कर्मियों ने उनका स्वागत फूलों से किया। हड़तालियों ने गांधीगीरी दिखाते हुए फूल भेंट किया और धरना पर डटे रहे। वहीं, गुरुवार को प्रति कुलपति के साथ वार्ता के लिए विवि प्रशासन ने पत्र भेजा है।
कर्मचारी संगठनों ने कुलपति द्वारा पूर्व में हड़ताल को अनावश्यक बताए जाने की निंदा की। बुधवार को कुलपति के साथ मुख्यालय के सभी पदाधिकारी पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचे थे। वैसे कुलानुशासक डॉ. नंद कुमार यादव व अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. सत्यरत्न प्रसाद सिंह बीच-बीच में आते रहे। कुलसचिव ने कर्मचारी संघ के अध्यक्ष के नाम जारी एक पत्र में गुरुवार को पाच सदस्यीय शिष्टमंडल के साथ प्रति कुलपति के साथ वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। यद्यपि संघ का मानना है कि उनके साथ पहले भी समझौता वार्ता जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में हो चुकी है, जिसे कुलपति ने मानने से इन्कार कर दिया। पुन: वैसी ही वार्ता से हड़ताल समाप्त होने में संशय दिख रहा है।