गया के नौडीहा पंचायत के संग्रामपुर में दो लोगों की हत्या, खेत में पटवन करने गए थे दोनों
इमामगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में गुरुवार की देर रात दो लोगों की हत्या कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमन दास और टिमन भुईयां अपने खेत में मूंग की फसल को नीलगाय से बचाने के लिए खेत में सोया था पर सुबह उनकी लाश मिली।
संवाद सूत्र, इमामगंज : गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में गुरुवार की देर रात दो लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमन दास उम्र 55 साल हर दिन की तरह अपने खेत में मूंग की फसल को नीलगाय से बचाने के लिए खेत में सोया करता था।
उसी दौरान वह मूंग की फसल पटवन भी कर रहा था। वहीं पर अपराधियों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव को मूंग के खेत में फेंककर भाग गए। वहीं उसी गांव के विशेश्वर भुईयां के 22 वर्षीय बेटा टिमन भुईयां की भी हत्या उसी तरह से करके उसके शव को घर के पास बाड़ी में फेंक दिया। वह अपने भाई के खेती में सहयोग करने का काम कर रहा था।
घटना की जानकारी ग्रामीणों तब मिली जब नीलगाय से मूंग को बचाने के लिए खेत में सो रहे ग्रामीणों ने पानी पीने व मूंग पटवन के लिए उठे तो देखा कि एक व्यक्ति मूंग के खेत में गिरा हुआ है। जब लोग वहां पर पहुंच गए तो देखा कि उसका पूरा शरीर खून से लथपथ है। इसकी सूचना गांव में अन्य ग्रामीणों व परिजनों को दी गई।
ग्रामीणों को घटना स्थल पर पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना रात में ही स्थानीय पुलिस को दी गई। लेकिन घटना थाना मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में रहने के कारण पुलिस शुक्रवार को सुबह पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। हालांकि घटना का कारण साफ नहीं हो रहा है। घटना के बाद से घरवालों का रो रो कर बुरा हाल है। घरवालों को ढाढस बंधाने के लिए आसपास के लोग इकठ्ठे हो रहे हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है हर जगह इसी घटना की चर्चा है।