रोप-वे तैयार होने से बाबा सिद्धनाथ के दर्शन होंगे आसान
वर्ष 2016 में राज्य सरकार द्वारा वाणावर पहाड़ पर रोप-वे की स्वीकृत योजना है।
गया। वर्ष 2016 में राज्य सरकार द्वारा वाणावर पहाड़ पर रोप-वे की स्वीकृत योजना को भले ही तीन वर्ष बाद धरातल पर उतारने का कार्य शुरू किया गया। लेकिन इस योजना के धरातल पर उतरने के बाद वाणावर पहाड़ की ऊंची चोटी पर स्थित बाबा सिद्धनाथ का दर्शन करना पर्यटकों के लिए आसान हो जाएगा। 24 करोड़ की इस योजना को बिहार राज्य पुल निर्माण विभाग क्रियान्वित करा रहा है।
नए वर्ष में पहाड़ की तराई से 12 सौ फीट ऊंचाई पर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर तक रोप-वे का निर्माण कराने हेतु कोलकाता के इंजीनियर सुदिप्तो मंडल व बिहार राज्य पुल निर्माण निगम गया प्रभाग के कनीय अभियंता अशोक कुमार ने स्थल का निरीक्षण किया। कनीय अभियंता श्री कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग रोप-वे लगाने संबंधी कार्य के देखरेख की जिम्मेवारी बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को दी है। उन्होंने बताया कि पटना में विभाग के एमडी के साथ बैठक हुई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा। निरीक्षण करने आए कोलकाता के इंजीनियर पहाड़ के शिखर तक जाने वाले सीढि़यों और आसपास के जगहों का निरीक्षण कर विभिन्न पहलुओं की जानकारी स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधियों से लिया।