Aurangabad News: डॉक्टर साहब, आप भी ताे लगवाइए कोरोना की वैक्सीन, केवल दूसरों को संदेश देने से नहीं चलेगा काम
औरंगाबाद जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति डॉक्टर से लेकर अन्य स्वास्थ्यकर्मी तक गंभीर नहीं हैं। यह इस आंकड़े से ही स्पष्ट होता है कि जिले में 600 स्वास्थ्यकर्मियों की जगह 321 को ही कोरोना का टीका लग सका है।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। कोरोना टीकाकरण के बीच एक बार फिर संक्रमितों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को 24 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव अाई। इस तरह से संक्रमितों की कुल संख्या 52 सौ हो गई है। लेकिन चिंता की बात यह है कि टीका लगवाने के प्रति लोग गंभीर नहीं हैं। जो दूसरों को समझाते हैं वे ही खुद टीका नहीं लगवा रहे हैं। आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। जिले में छह सौ में से 321 स्वास्थ्यकर्मियों को ही वैक्सीन लगी है।
144 में से 20 डॉक्टरों ने ही ली वैक्सीन
जिले में एमबीबीएस चिकित्सकों की संख्या 144 है। 42 आयुष चिकित्सक हैं परंतु केवल 20 चिकित्सकों काे टीका लगाया जा सका है। अभियान के चौथे दिन सोमवार को महज पांच चिकित्सकों ने टीका लगवाया। इनमें दो निजी चिकित्सक शामिल हैं। यहीं हाल नर्स एवं एएनएम का है। इनकी संख्या जिले में 555 है। लेकिन इनमें से 56 ने ही टीका लगवाया है। आंगनबाड़ी सेविका की स्थिति तो एकदम ठीक नहीं है। जिले में इनकी संख्या 1500 के करीब है परंतु महज 58 को ही कोरोना वैक्सीन लगाया गया है। वहीं 119 आशा व ममता और 11 सफाईकर्मियों का टीकाकरण किया गया। पारा मेडिकल वर्कर में भी महज आठ को ही वैक्सीन दी जा सकी है।
दाउदनगर में सबसे बुरा है हाल
दाउदनगर का प्रदर्शन सबसे कमजोर कोरोना के टीकाकरण को लेकर जिले में पहले चरण में छह केंद्र बनाए गए हैं। इन जगहों पर स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल में प्रतिदिन 100 टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परंतु सोमवार को एक भी चिकित्सक, पारा मेडिकल कर्मी एवं आंगनबाड़ी सेविका ने यहां टीका नहीं लगवाया। रविवार को भी यहां 100 में 16 टीका लगाया गया था। अब सोचा जा सकता है कि इसी रफ्तार से टीकाकरण अभियान चला तो जिले के लोगों को टीका लगाने में कितना समय लगेगा। यहीं हाल प्राथमिक सवास्थ्य केंद्र मदनपुर का है। यहां भी सोमवार को 100 की जगह 33 का टीकाकरण किया गया। लक्ष्य के अनुरुप किसी भी केंद्र पर टीकाकरण नहीं हो पा रहा है। शहर स्थित देव अस्पताल का हाल बेहाल है। यहां 100 की जगह मात्र 30 टीका लगाया गया है। सदर प्रखंड औरंगाबाद में भी टारगेट पूरा नहीं हो पा रहा है। सोमवार को यहां मात्र 60 का टीकाकरण हो सका।
कोरोना का आंकड़ा पहुंचा 5200 के पार
इस बीच कोरोना के आंकड़े फिर बढ़ गए हैं। सोमवार को 2315 की जांच में 24 का रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमितों की संख्या 5217 हो गई है। डीपीएम डॉ. कुमार मनोज ने बताया कि एंटिजन किट से जांच में एक भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। ट्रूनेट मशीन से जांच में 24 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि 5116 स्वस्थ हो गए हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 99 रह गई है। डीपीएम ने बताया कि 24 में से 19 संक्रमितों का तालुक औरंगाबाद से है।