सामूहिक दुष्कर्म में गिरफ्तार आरोपितों की हुई डीएनए जांच
गया। कोंच थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव के समीप मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्ता
गया। कोंच थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव के समीप मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपितों की डीएनए जांच कराई गई है।
पुलिस ने गौरव कुमार, शिवम कुमार व दीपक पासवान को गिरफ्तार किया है। अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में सभी का डीएनए टेस्ट बहुत ही गोपनीय तरीके से कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, मेडिकल जांच के दौरान सारे नमूने लिए गए हैं, जिसका मिलान किया जाएगा। कोर्ट में मामले को प्रभावी ढंग से रखने में अनुसंधान का यह तरीका काफी कारगर होगा, इसलिए पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखते हुए पुख्ता साक्ष्य एकत्र कर रही है। पीड़ित पक्ष के बयान के अनुसार, इस घृणित वारदात को अंजाम देने वालों में नौ अपराधी शामिल थे। अभी तक तीन आरोपितों की ही गिरफ्तारी हुई है, बाकी छह का अभी पता नहीं है। पुलिस को मिल रहे इनपुट पर हर जगह छापेमारी कर रही है। दुष्कर्म के साथ लूटपाट का भी मामला है। उस रात इस घटना से पहले लूटपाट की एक और घटना हुई थी। हालांकि, घटना के पांच दिन बाद भी सारे आरोपित नहीं पकड़े गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब तक की पुलिस कार्रवाई, संग्रहित साक्ष्य, एफआईआर सहित अन्य दस्तावेज को सोमवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया जा सकता है। इसकी तैयारी कर ली गई है। साथ ही जो साक्ष्य व वीडियो मिला है, उसे भी कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि सोनडीहा गांव के समीप लूटपाट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर इनपुट मिला है। उस सूचना के आधार पर परैया थाना क्षेत्र के कमलदहा सहित अन्य दो गांवों में छापेमारी की गई है। वहां से करीब डेढ़ दर्जन लोगों को इस मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। यहां से हिरासत में लिए गए लोगों को कोंच थाना में रखा गया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के अनुसार इस घटना में 10 से 12 लोग शरीक थे। एसएसपी ने बताया कि जिन्हें हिरासत में लिया गया है, वे संदिग्ध हैं। उम्मीद की जा रही है कि सोमवार को पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो जाएगा। इस पर लगातार अनुसंधान किया जा रहा है।