तेजस्वी की शादी को लेकर बिहार में खूब चर्चा, अब आ गई क्रिश्चियन दुल्हनिया की असली तस्वीर
ऊहापोह के बीच गुरुवार को सगाई के तुरंत बाद तेजस्वी यादव और उनकी दुल्हन रिचेल की तस्वीर लोगों के बीच आ गई। तेजस्वी के दिल की मल्लिका का दीदार पाने के लिए बिहार बेताब था। उनके फैन्स एक झलक पाने के लिए इंटरनेट मीडिया पर नजरें गड़ाए बैठे थे।
आनलाइन डेस्क, पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की शादी को लेकर राज्यभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। बुधवार से तेजस्वी की होने वाली दुल्हन बताकर इंटरनेट मीडिया पर कई लड़कियों की तस्वीर वायरल की जा रही थी। RJD (राष्ट्रीय जनता दल) के एक विधायक ने तो शरद यादव की पोती सिमरन के फोटो को ही तेजस्वी की दुल्हनिया बता दिया था। उन्होंने उस तस्वीर के शुभकामना संदेश भी लिखा था। मगर ऊहापोह के बीच गुरुवार को सगाई के तुरंत बाद तेजस्वी यादव और उनकी दुल्हन रिचेल की तस्वीर लोगों के बीच आ गई। तेजस्वी के दिल की मल्लिका का दीदार पाने के लिए बिहार बेताब था। उनके फैन्स एक झलक पाने के लिए इंटरनेट मीडिया पर नजरें गड़ाए बैठे थे। फिलहाल, तेजस्वी के साथ रिचेल की तस्वीर धुंधली है। लोग इस इंतजार में बैठे हैं कि लालू परिवार के सदस्य जल्द नई तस्वीर पोस्ट करेंगे।
विधायक जी भी खा गए धोखा
दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर तेजस्वी यादव के साथ कई लड़कियों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। यू-ट्यूब और वेब पोर्टल पर कभी मॉडल तो कभी फेसबुक और इंस्टाग्राम से तेजस्वी यादव की फॉलोवर्स के फोटो वायरल किए जा रहे थे। हद तो तब हो गई जब, उनकी पार्टी (राष्ट्रीय जनता दल) के एक विधायक ने अपने वाट्सएप स्टेटस पर एक लड़की की तस्वीर लगा दी। चूंकि, इस विधायक को लालू प्रसाद यादव के परिवार का करीबी माना जाता है, इसलिए इंटरनेट मीडिया पर उस लड़की की तस्वीर वायरल कर दी गई। सूत्रों की मानें तो विधायक जी को सगाई में शामिल होने का न्योता नहीं मिला। वे करीबी का टैग लगाए रखना चाहते थे, इसलिए उन्हें तेजस्वी की दुल्हन बताते हुए एक लड़की की तस्वीर को अपने वाट्सएप स्टेटस पर लगा लिया। लेकिन, जब मीडिया हाउस ने पड़ताल की तो मालूम हुआ कि वह फोटो शरद यादव की पोती सिमरन की है।
तो इसलिए तेजस्वी के साथ जुड़ा क्रिश्चियन लड़की का नाम
सिमरन के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने दो साल पहले मतांतरण कर लिया था। वे ईसाई धर्म को मानने लगी थीं। सिमरन और तेजस्वी काफी अच्छे दोस्त थे। सूत्रों की मानें तो तेजस्वी के बड़े भाई तेज प्रताप यादव की शादी में भी सिमरन को देखा गया था। तब से लोग अंदाजा लगा रहे थे कि तेजस्वी और सिमरन शादी करने वाले हैं। बुधवार की सुबह जब इसाई लड़की से तेजस्वी की शादी की बात हवा में तैरने लगी तो सिमरन की तस्वीर लोगों ने वायरल कर दी। लालू यादव के करीबी नेता भी धोखा खा गए। हालांकि, इस बात में कितनी सच्चाई है, ये बताना तब तक संभव नहीं है, जब तक लालू परिवार के सदस्य अधिकारिक पुष्टि नहीं कर देते।
क्लासमेट से हुआ प्यार, अब दीदार के लिए फैन्स बेताब
फिलहाल, रिचेल की एक झलक पाने के लिए लोग बेताब हैं। हकीकत यह है कि अब तक लालू परिवार उनकी एक भी फोटो इंटरनेट मीडिया पर नहीं डाली है। बताया जाता है कि रिचेल और तेजस्वी क्लासमेट थे। दोनों दिल्ली के आरके पुरम स्थित डीपीएस स्कूल में एक साथ पढ़े। इसी दौरान उनकी आंखें चार हुईं और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं। रिचेल साधारण परिवार से बताई जा रही हैं। तेजस्वी या उनके करीबी लोगों के सोशल अकाउंट पर भी उनकी तस्वीर नहीं है।