शराबी पति ने पत्नी की हत्या कर शव जला दिया
थाना क्षेत्र के बुद्धघरया में भरत शर्मा ने अपनी पत्नी चंद्रमा देवी उर्फ चिंता देवी की हत्या कर दी गई।
गया। थाना क्षेत्र के बुद्धघरया में भरत शर्मा ने अपनी पत्नी चंद्रमा देवी उर्फ चिंता देवी की हत्या शनिवार की देर रात कर दी। हत्या के बाद उसने कुछ ग्रामीणों के सहयोग से शव को जला भी दिया।
इस घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को रविवार की सुबह मिली। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भरत शर्मा एवं शव जलाने में सहयोग करने वाले उसके चाचा प्रहलाद मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया। मृतका का मायका गया जिले के चंदौती थाना क्षेत्र के नसीरपुर गाव में है। मृतका स्व. रामस्वरूप मिस्त्री की पुत्री थी। उसके दो पुत्र एवं दो पुत्रिया भी हैं। एक पुत्र बालिग है, जो दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि मृतका के भाई सुरेश मिस्त्री के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सुरेश ने अपने बयान में तीन व्यक्तियों को आरोपित किया है। जिसमें मृतका के पति समेत दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित के विरुद्ध महिला की हत्या के साथ साक्ष्य छुपाने एवं शव को जला देने का मुकदमा चलेगा। गाव के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार मृतका का पति भरत शर्मा शराबी है, जो हमेशा कहीं न कहीं से शराब की जुगाड़ कर पी लिया करता है। नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट किया करता था। नशे की हालत में ही पीटकर हत्या कर देने की चर्चा गाव में है। हत्या कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका, क्योंकि शव को जला दिया गया है। मायके वालों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या का आरोप लगाया है।