बेलागंज में दोपहर बाद बढ़ने लगी कतार
बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं ने चढ़-बढ़ कर हिस्सा लिया।
गया। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं ने चढ़-बढ़ कर हिस्सा लिया। उप विकास आयुक्त किशोरी चौधरी ने कहा कि बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में 54 फीसद मतदान हुआ। महिलाओं की सबसे अधिक संख्या मतदान केंद्र संख्या 193 मध्य विद्यालय रहीम बिगहा में देखी गई, जहां तेज धूप में भी महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। यही हाल मध्य विद्यालय कंडी नवादा मतदान केंद्र पर था। मतदान केंद्र संख्या 49 मध्य विद्यालय रैली में दो घंटे तक ईवीएम खराब रहा। इसके कारण दो घंटे तक मतदान रोका गया था। ईवीएम ठीक करने के बाद मतदान चालू हुआ। सुबह में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम देखी जा रहा थी। 9 बजे के बाद मतदाता घरों से निकलने लगे। मतदान केंद्रों पर लंबी लाइन दोपहर के 12 बजे तक देखी गई, इसके बाद धूप के कारण थोड़ी कमी आई। लेकिन तीन बजे के बाद काफी संख्या में मतदाता घरों से निकलने लगे, जो शाम छह बजे तक मतदान के लिए डटे थे। बेलागंज बाजार स्थित मतदान केंद्र पर मतदान के लिए खड़ी पूजा कुमारी ने कहा कि चुनाव में एक-एक वोट का महत्व होता है। इसलिए चिलचिलाती धूप में वोट के लिए आई हूं। मतदान केंद्र संख्या 232 पर आए नवनीत कुमार का कहना था कि पहली बार मतदान किया है। मतदान कर बहुत अच्छा लगा रहा है, क्योंकि देश का प्रधानमंत्री चुनने का मौका हमें भी मिल गया।
--------------------
पुत्र के कंधे पर वोट देने आए वयोवृद्ध
90 वर्षीय वयोवृद्ध बैशाखी प्रसाद यादव अपने पुत्र जयप्रकाश सिंह यादव के कंधे पर चढ़कर वोट देने आए थे। वयोवृद्ध ने कहा कि देश के विकास और लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट देने आए हैं। जब तक सांस रहेगी मतदान करता रहूंगा।