रांची से बच्चों का शव आते ही गांव में मातमी सन्नाटा
टिकारी थाना क्षेत्र के छठवां गाव निवासी सुभाष साव के दो बच्चों की राची में संदेहास्पद मौत हो गई।
गया। टिकारी थाना क्षेत्र के छठवां गाव निवासी सुभाष साव के दो बच्चों की राची में संदेहास्पद मौत के बाद रविवार को शव गांव आया तो परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा है।
मिली जानकारी के अनुसार सुभाष साव पत्नी और बच्चों के साथ राची में रहकर लिट्टी कचौड़ी की दुकान चलाते थे। शुक्रवार की रात पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। शनिवार की सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो लोग किसी तरह दरवाजा खोलकर कमरे के अंदर गए, जहां सभी बेसुध पड़े थे। स्थानीय लोगों ने सुभाष, उसकी पत्नी कमला देवी और दोनों बच्चे पप्पू कुमार (12) एवं विक्रम कुमार (8) अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने पप्पू और विक्रम को मृत घोषित कर दिया। सुभाष एवं उसकी पत्नी कमला देवी का हालत खतरे से बाहर थी। शवों के गांव में आने की सूचना के बाद मुखिया विमलेश राय मृतक के घर पहुंचे। जिन्होंने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत छह हजार रुपये पीड़ित पिता सुभाष को दिया। ग्रामीण विनोद शर्मा सहित अन्य लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से सरकारी सहायता देने की मांग की है।