Crime in Nawada: रात में झगड़े के बाद सुबह मायके चली गई पत्नी, युवक ने फांसी लगाकर दी जान
नवादा के रजौली में सुबह-सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। स्वजनों से घटना की बाबत जानकारी ली जा रही है।
गया, जेएनएन। नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर ए में परिवारिक कलह से तंग आकर एक युवक ने मौत को गले लगा लिया। यह घटना घर में ही हुई, लेकिन समय रहते परिवार के किसी सदस्य की नजर युवक पर नहीं पड़ी। जब तक लोगों ने उसे देखा युवक की मौत हो चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार रामवृक्ष भुइया के 22 वर्षीय पुत्र उपेंद्र भुइयां ने फांसी लगा ली। घटना रविवार की सुबह की है। जैसे ही परिजनों का नजर युवक पर पड़ी सभी दौड़कर उसके कमरे में गए और युवक को फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद हताश स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हर बिंदु से मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा गया है शव
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने युवक के शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया है।
फोन पर भी पत्नी के साथ काफी देर तक हुआ झगड़ा
मृतक के स्वजनों ने बताया कि गुरुवार की रात युवक का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। शुक्रवार की सुबह युवक की पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके सदर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव चली गई। इसके कारण युवक काफी तनाव में था। मायके के जाने के बाद भी फोन पर दोनों का काफी देर तक झगड़ा हुआ था। इसी से परेशान होकर उपेंद्र फांसी लगा लिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
स्वजनों ने बताया कि उपेंद्र की दो बेटियां हैं। इनमें एक 8 वर्ष की है, जिसका नाम लक्ष्मी कुमारी है। 6 वर्ष की दूसरी बेटी का नाम लाजवंती कुमारी है। युवक के स्वजन इस घटना का जिम्मेदार उसकी पत्नी को ठहरा रहे हैं।